Yoga Poses for Neck Pain: भागदौड़ भरी जिंदगी में गर्दन, पीठ और कमर दर्द की समस्या सामान्य हो गई है। यह दर्द कभी हल्का होता है, लेकिन कई बार इतना बढ़ जाता है कि दैनिक जीवन की सामान्य गतिविधियां भी मुश्किल हो जाती हैं। सर्दियों में शरीर में दर्द आमतौर पर बढ़ जाता है। गर्दन, पीठ या कमर के दर्द के कई कारण हो सकते हैं। शरीर की इन समस्याओं के बारे में जानकर सही तरीके से इसका इलाज किया जा सकता है। आइए जानते हैं पीठ और कमर दर्द के कारण और इससे निजात पाने के प्राकृतिक तरीके।
Yoga Tips: गर्दन से लेकर पीठ और कमर दर्द के हैं ये कारण, इलाज के लिए अपनाएं असरदार योगासन
गर्दन, पीठ या कमर के दर्द के कई कारण हो सकते हैं। शरीर की इन समस्याओं के बारे में जानकर सही तरीके से इसका इलाज किया जा सकता है।
गर्दन, पीठ और कमर दर्द से बचाव के उपाय
शरीर के दर्द से राहत पाने के लिए सही मुद्रा अपनाएं। बैठते और खड़े होते समय अपनी रीढ़ की हड्डी को सीधा रखें। कैल्शियम, विटामिन डी से भरपूर संतुलित आहार का सेवन करें और गर्म पानी से सिकाई करें ताकि मांसपेशियों को आराम मिल सके। इसके अलावा योग, स्ट्रेचिंग और हल्के व्यायाम मांसपेशियों को मजबूत बनाते हैं और दर्द से राहत दिलाते हैं। यहां कुछ योगासन बताए जा रहे हैं जो गर्दन, पीठ और कमर के दर्द से राहत दिला सकते हैं।
पीठ और कमर दर्द में करें ये योगासन
ताड़ासन
ताड़ासन शरीर की मुद्रा को एकदम सीधा रखने में सहायक है, जिससे पोस्चर में सुधार होता है। ये कमर की मांसपेशियों को स्ट्रेच करता है और गर्दन और पीठ दर्द में आराम मिलता है।
भुजंगासन
नियमित भुजंगासन का अभ्यास पीठ की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में सहायक है। इससे रीढ़ की हड्डी लचीली बन सकती है और कमर व पीठ दर्द में राहत मिल सकती है।
उष्ट्रासन
अगर आपके शरीर की पीछे के हिस्से में यानी गर्दन, पीठ और कमर में दर्द बना रहता है तो उष्ट्रासन का अभ्यास शुरू कर दें। इस आसन के कई शारीरिक फायदे हैं। उष्ट्रासन से छाती खुलती है और पीठ की मांसपेशियां खिंचती है।
धनुरासन
शरीर को मजबूत और पीठ को लचीला बनाने के लिए धनुरासन का अभ्यास फायदेमंद हो सकता है। पेट की चर्बी को कम करने के साथ ही पीठ मजबूत करता है और रीढ़ की हड्डी लचीली बनती है।
शलभासन
रोजाना शलभासन करने से मांसपेशियां मजबूत होती है। ये गर्दन और कमर में खिंचाव लाता है। इस आसन के नियमित अभ्यास से पीठ और कमर का दर्द कम होता है। सर्दियों में शरीर की जकड़न को कम करता है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।