Tourist Places: मई-जून का महीना आते ही लोग अपने-अपने प्लान के हिसाब से घूमने निकल जाते हैं। अगर बात करें दिल्ली और दिल्ली के आस-पास रहने वाले लोगों की तो अभी तक गर्मी के मौसम में घूमने के लिए उनकी पहली पसंद शिमला और मसूरी हुआ करते थे। पर, अब दिल्ली के पास होने के वजह से लोग यहां जाने से बोर होने लगे हैं। अब लोग शिमला-मसूरी को छोड़कर पूर्वोत्तर की तरफ अपना रुख कर रहे हैं।
Tourist Places: शिमला-मसूरी छोड़ इन जगहों पर घूमना पसंद कर रहे दिल्लीवासी, इन छुट्टियों में आप भी बनाएं प्लान
एक समय था जब दिल्ली और दिल्ली के आस-पास के लोग शिमला या मसूरी घूमना पसंद करते थे। पर, अब लोग पूर्वोत्तर का भी रुख कर रहे हैं।
शिमला-मसूरी से बोर हो रहे लोग
अगर दिल्ली और यहां के आस-पास के जिलों की बात करें तो यहां से सबसे पास मसूरी और शिमला पड़ता है। ऐसे में लोग अक्सर वहां जाते रहते हैं। जिस वजह से अब लोगों में शिमला-मसूरी जाने का क्रेज नहीं रहा। शिमला-मसूरी में मिलने वाली भीड़ की वजह से भी लोग अब वहां जाने से कतरा रहे हैं।
पूर्वोत्तर को बनाया विकल्प
शिमला-मसूरी से बोर होने के बाद अब लोगों ने पूर्वोत्तर के राज्यों को अपनी घूमने की लिस्ट में शामिल किया है। इन राज्यों में मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर व मिजोरम शामिल हैं। इसमें कामाख्या मंदिर, शिलांग, काजीरंगा पार्क, गुवहाटी, आइजोल, गंगटोक ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जहां लोग घूमने जाना पसंद कर रहे हैं।
देश के प्रमुख टूर टैवल्स संगठनों के आंकड़ों की मानें तो इस साल घरेलू पर्यटन में 20 प्रतिशत तक का उछाल देखने को मिल रहा है। पिछले साल के मुकाबले इस साल 15% ज्यादा लोगों ने घूमने के लिए पूर्वोत्तर का रास्ता लिया है।
पड़ोसी देश बनें लोगों की पसंद
वहीं अगर बाहरी देशों की बात करें तो एक समय लोग यूरोप, ब्रिटेन व कनाडा जैसे देशों में जाना पसंद करते थे। यहां जाने के लिए खर्चा भी काफी होता है और साथ में वीजा के लिए भी कई पापड़ बेलने पड़ते हैं। इसी के चलते अब लोग भारत के पड़ोसी देशों जैसे मॉरिशस, बैंकॉक, बाली, भूटान, नेपाल और श्रीलंका घूमने जाना पसंद कर रहे हैं।
कोरोना की मार से उबर रहा पर्यटन
इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स के अध्यक्ष राजीव मेहरा ने बताया है कि कोरोना के समय पर्यटन पर काफी प्रभाव पड़ा था। पर, अब कोरोना की मार से घरेलू पर्यटन काफी हद तक उबर चुका है। ये बेहद अच्छी बात है कि लोग अब अलग-अलग जगहों पर जाना पसंद कर रहे हैं।