Baby Boy Or Girl Name Born on Diwali: त्योहारों का मौसम है। 31 अक्तूबर / 1 नवंबर 2024 को दिवाली का पर्व मनाया जा रहा है। दीपोत्सव को लेकर सभी लोग उत्साहित होते हैं। पांच दिन मनाया जाने वाला ये पर्व हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है। दिवाली के इसी उत्साह के बीच अगर घर पर नन्हें मेहमान का आगमन हो जाए तो त्योहार का उत्साह दोगुना हो जाएगा। घर-परिवार में खुशी बढ़ जाएगी। वहीं बच्चा भी इस पहचान के साथ बड़ा होगा कि उसका जन्मदिन हर साल दिवाली के शुभ अवसर पर हुआ था। दीपावली में जन्मे बच्चे का नाम भी ऐसा ही रखें जिससे उसकी पहचान में ही दिवाली जुड़ा हुआ है।
Baby Names Born on Diwali: दिवाली पर घर आया है नन्हा मेहमान तो रखें ये सुंदर और आधुनिक नाम
यहां कुछ सुंदर नामों की सूची दी जा रही है, जो दिवाली पर जन्मे बच्चे के लिए एकदम परफेक्ट हैं। बेटा हो या बेटी उन्हें प्रभावशाली नाम दे सकते हैं जिनका जन्म दीपोत्सव के दौरान हुआ हो।
लड़के के लिए नाम
दीपावली के शुभ अवसर पर घर पर राजकुमार जैसा बेटा जन्मा हो तो उसे ऐसे नाम दें, जिनके कोई धार्मिक या पारंपरिक अर्थ हों, साथ ही आधुनिकता को भी समाहित किया हो। जैसे,
अहान
ये नाम आधुनिक और सुंदर है। अहान नाम का अर्थ प्रकाश की पहली किरण से है। दिवाली प्रकाश पर्व है। ऐसे में दीपावली पर पैदा हुए बेटे के लिए अहान नाम एकदम परफेक्ट रहेगा।
अश्रिथ
बेटे को अ अक्षर से यूनिक नाम देना चाहते हैं। साथ ही नाम ऐसा हो जो दिवाली से जुड़ा हुआ हो तो अश्रिथ लड़के के लिए आकर्षक नाम रहेगा। इस नाम की उत्पत्ति संस्कृत भाषा से हुई है। दिवाली में माता लक्ष्मी और भगवान गणेश के अलावा धन के देवता कुबेर जी की पूजा हुई थी। कुबेर जी को अश्रिथ नाम से भी जाना जाता है। अश्रिथ आश्रय शब्द से बना है, जिसका अर्थ है रक्षा करने वाला।
नवतेज
बेटे के लिए न अक्षर से शुरू होने वाले नाम की तलाश में हैं तो दिवाली पर जन्मे बच्चे को नवतेज नाम दे सकते हैं। नवतेज का मतलब होता है नई रोशनी। दिवाली के मौके पर बच्चे का नामकरण करते समय उसे नवतेज नाम से पुकार सकते हैं।
दिव्यांश
लड़के के लिए ये नाम जितना सुंदर है, उतना ही खूबसूरत अर्थ भी रखता है। दिव्यांश का मतलब दिव्य प्रकाश होता है। बेटे को दिव्यांश नाम दे सकते हैं।
बेटी के लिए नाम
अगर दिवाली के पर्व में नन्हीं परी सी बिटिया घर आई है तो अपनी राजकुमारी को ऐसा नाम दें कि जो सुने वो सुनता रह जाए। यहां जो नाम दिए जा रहे हैं वो दिवाली से जुड़े हुए हैं और आधुनिक भी हैं। जैसे,
अर्चिशा
बेटी का नाम अ अक्षर से रखने का विचार है तो अर्चिशा नाम काफी खूबसूरत है। ये नाम यूनिक होने के साथ ही आधुनिक भी है। लेकिन इसका अर्थ दीपोत्सव से जुड़ा हुआ है। अर्चिशा संस्कृत भाषा के शब्द से लिया गया है। अर्चिशा का अर्थ है प्रकाश की किरण।
दीया
दिवाली पर जन्मी बच्ची को त्योहार से जुड़ा ही कोई प्यारा सा नाम देना चाहते हैं तो दीया नाम सुंदर और अर्थ पूर्ण दोनों ही है। दिवाली में दीपक जलाया जाता है। दीपक चलाने के लिए जो मिट्टी का पात्र उपयोग में आता है उसे दीया कहते हैं।
कामाक्षी
दीपावली में माता लक्ष्मी की पूजन होता है। दिवाली में जन्मी बेटी माता लक्ष्मी का ही रूप होती है, जिसके शुभ चरण घर पर इस मौके पर आते हैं। ऐसे में अपने घर की लक्ष्मी का नाम मां लक्ष्मी के एक खूबसूरत नाम कामाक्षी पर रख सकते हैं। कामाक्षी का अर्थ भी काफी प्यारा है। खूबसूरत आंखों वाली लड़की को कामाक्षी कहा जाता है।