विश्व प्रसिद्ध डांसर माइकल जैकसन के शरीर की खूबियों और डांसिंग स्टाइल को लेकर कई खुलासे हुए हैं, जानकर यकीं नहीं कर पाएंगे।
पीजीआई चंडीगढ़ के न्यूरोसर्जरी विभाग के डाक्टरों ने शोध में पाया कि माइकल जैकसन के शरीर में कई विशेष खूबियां थीं। पीजीआई के न्यूरोसर्जन डाक्टरों ने विश्व प्रसिद्ध डांसर माइकल जैक्सन के डांसिंग मूव का गहन परीक्षण कर पाया है कि उनके जैसे डांसिंग स्टेप दूसरे डांसर नहीं कर सकते, क्योंकि पूरे विश्व में माइकल ही एक ऐसे डांसर थे, जो अपने टखने के बल पर 45 डिग्री तक मूव कर सकते थे, जबकि आम डांसर 25-30 डिग्री तक ही मूव कर पाते हैं।
माइकल जैक्सन की रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) की मांसपेशियां आम व्यक्तियों के मुकाबले ज्यादा विकसित थीं, जिसके बल पर वह अपनी बॉडी खींच सकते थे। अधिकतर लोग उनके डांसिंग मूव को कॉपी करने के चक्कर में घायल हो जाते हैं। कई यंगस्टर यूट्यूब पर उनके वीडियो को देखकर प्रैक्टिस करते हैं, जिससे उनके स्पाइन में चोटें आ जाती हैं।
पीजीआई के डाक्टरों ने बताया कि ऐसे बहुत से केस आते हैं, जो माइकल जैक्सन के मूव को कापी करते हैं और चोटिल हो जाते हैं। जनरल ऑफ न्यूरोसर्जरी स्पाइन में प्रकाशित स्टडी में शामिल डा. संदीप मोहिंद्रा ने बताया कि माइकल जैक्सन के जूते विशेष रूप से डिजाइन किए गए थे। उनके जूतों के नीचे हुक लगे थे, जो पेटेंट थे। इनसे उन्हें झुकने और कदम खींचने में मदद मिलती थी। वह अपना वजन भी कंट्रोल में रखते थे।
इन खूबियों के कारण वह सभी डांसरों से अलग थे। स्टडी में पीजीआई न्यूरोसर्जरी डिपार्टमेंट के डाक्टर संदीप मोहिंद्रा, निशांत एस याज्ञनिक और मंजुल त्रिपाठी शामिल रहे हैं। डा. संदीप मोहिंद्रा का कहना था कि माइकल जैक्सन के डांसिंग मूव को समझना आसान नहीं था। इसके लिए उनके कई सारे वीडियो यूट्यूब पर देखे गए। उनसे संबंधित लिटरेचर पढ़ा गया।