न महंगे ब्रांड, न नए कपड़ों की जरूरत! पापा वाला स्टाइल बना Gen-Z की पहली पसंद
dadcore trend 2026: पापा के पुराने कपड़े, बड़े चश्मे और रेट्रो स्नीकर्स बने जेन-जी का नया फैशन ट्रेंड। जानिए क्या है डैडकोर और क्यों हो रहा है इतना लोकप्रिय।
विस्तार
Gen Z Fashion Trends: कभी जिन ढीले-ढाले कपड़ों, बड़े चश्मों और पुराने जूतों को आउट ऑफ फैशन माना जाता था, आज वही जेन-जी का नया स्टाइल स्टेटमेंट बन गया है और इसे नाम दिया गया है 'डैडकोर'। इस पीढ़ी का मानना है कि स्टाइलिश दिखने के लिए आपको नए और महंगे आउटफिट नहीं चाहिए, बल्कि पापा के समय के ढीले-ढाले कपड़े ही काफी हैं। यह ट्रेंड एक बार फिर साबित कर रहा है कि फैशन पुराना या कभी बेकार नहीं होता, बस उसे पहनने का अंदाज नया होना चाहिए।
नॉर्मकोर से कैसे अलग है डैडकोर?
नॉर्मकोर में जहां सादगी और सहजता को फैशन बनता है, वहीं डैडकोर में सादगी के साथ नॉस्टैल्जिया जुड़ जाता है। नॉर्मकोर में साधारण टी-शर्ट, जींस और स्नीकर्स पसंद किए जाते हैं, जबकि डैडकोर में पापा के वार्डरोब से निकले पुराने कपड़े स्टाइल स्टेटमेंट बन जाते हैं। ढीली खाकी पैंट, ओवरसाइज शर्ट, ऊंची कमर वाली जींस और पुराने रनिंग शूज इसका खास अंदाज है। इसमें परफेक्शन नहीं, बेफिक्री ही असली फैशन है।
बड़े चश्मे से रेट्रो स्नीकर्स तक, ये हैं डैडकोर की पहचान
डैडकोर फैशन पापा की अलमारी से प्रेरित एक ऐसा स्टाइल है, जिसमें आरामदायक और साधारण कपड़ों को खास अंदाज में पहना जाता है। ढीली जींस, ओवरसाइज शर्ट, पोलो टी-शर्ट, हल्के रंगों की पैंट और रेट्रो स्नीकर्स इसकी पहचान हैं। बेसबॉल कैप, मोटा चश्मा और क्लासिक घड़ी का साथ आपके लुक में चार चांद लगाते हैं। डैडकोर फैशन का मंत्र बस इतना सा है कि आपको कोई दिखावा नहीं करना है, बल्कि अपने पसंदीदा आउटफिट में आराम महसूस करते हुए अपना अंदाज दिखाना है।
जेन-जी को क्यों पसंद आ रहा है डैडकोर?
फैशन की दुनिया में अब पुरानापन ही नया ट्रेंड बन रहा है। जेन-जी के बीच लोकप्रिय होता डैडकोर इसका दिलचस्प उदाहरण है। यह स्टाइल महंगे ब्रांड्स और चमक-दमक से दूर सादगी, आराम और बेफिक्र अंदाज को अपनाता है। इसमें रंगों और पैटर्न के मेल को लेकर कोई सख्त नियम नहीं, बल्कि थोड़ा बेतरतीब दिखना ही इसकी खूबसूरती है। सोशल मीडिया के दौर में युवा इस अंदाज के जरिये रेट्रो फैशन को नया जीवन दे रहे हैं। डैडकोर पुरानी यादों, व्यक्तिगत पसंद और टिकाऊ फैशन का संगम पेश करता है।
टिकाऊ फैशन को भी बढ़ावा देता है डैडकोर
डैडकोर फैशन ट्रेंड टिकाऊ जीवन-शैली का संदेश भी देता है। तेजी से बदलते फैशन के दौर में यह ट्रेंड हर सीजन नए कपड़े खरीदने की होड़ से दूर रहने की प्रेरणा देता है। इससे पुराने कपड़ों को दोबारा अपनाने से अनावश्यक खर्च, टेक्सटाइल वेस्ट और संसाधनों की बर्बादी कम की जा सकती है। इस तरह डैडकोर साबित करता है कि स्टाइलिश दिखने के लिए हमेशा नया खरीदना जरूरी नहीं, बल्कि पुरानी चीजों को नए नजरिये से अपनाना ही असली फैशन है।
