हर साल की तरह इस साल भी राखी का त्योहार बेहद पास आ गया है। रक्षाबंधन का पर्व श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है और इस साल राखी 22 अगस्त रविवार के दिन मनाई जाएगी। इस दिन बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है, उसका मुंह मिष्ठान से मीठा कराती है और बदले में भाई अपनी बहन को उपहार देता है और कुछ इस तरह ये भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन मनाया जाता है। ये त्योहार जितना खुशियों से भरा होता है, उतनी ही इस त्योहार में मिठाईयों में मिलावट की खबरें भी सामने आती हैं। ऐसे में बाजार से मिठाई खरीदना अपनी सेहत को नुकसान पहुंचाने वाला भी हो सकता है। इसलिए आप इस बार घर पर ही मिठाई बना सकते हैं और वो भी लौकी की बर्फी, जिसे देखकर हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है। तो चलिए आपको इसकी आसान सी रेसिपी के बारे में बताते हैं।
Rakhi 2021: बाजार की नहीं इस राखी घर पर बनाएं लौकी की बर्फी, हर कोई पूछेगा रेसिपी
ये चीजें चाहिए:-
-लौकी
-बादाम फ्लैक्स (एक चौथाई कप)
-घी (तीन चम्मच)
-आधा लीटर कन्डेंस्ड दूध
-मिल्क मेड
-दूध (आधा कप)
-इलायची पाउडर
-पिस्ता (बारीक कटे हुए)।
ऐसे करें तैयार:-
-आपको लौकी को छीलना है और फिर इसमें बीज वाले गूदे को हटाकर लौकी के टुकड़े कर लेने है।
-इसके बाद इन सभी टुकड़ों को कद्दूकस करना है और अच्छे से निचोड़ लेना है, ताकि इसमें पानी न रहने पाए।
-अब एक बर्तन लें और इसमें पहले आधा कप दूध डालें और अब कद्दूकस की हुई लौकी डालकर हल्की आंच पर 7-8 मिनट तक पकाएं।
-पहले लौकी को चलाएं और फिर ढक कर इसे लगभग पांच मिनट तक पकने दें।
-ढक्कन हटाकर देखें कि अगर लौकी थोड़ी नरम हो गई है तो इसमें घी डालकर फिर से मिला लें और अब तेज आंच पर लगभग 8 मिनट तक लौकी को पकाएं।
-फिर कन्डेंस्ड दूध डालकर मिला लें और इसे जब तक तेज आंच पर पकाएं, जब तक कि ये गाढ़ा होकर जमने न लगे।
-इसी के ऊपर इलायची पाउडर और बादाम फ्लेक्स डालकर अच्छे से मिला लें।
-इसके बाद गैस को कम करके गाढ़ा होने तक इस मिश्रण को पकाएं। जब ये गाढ़ा हो जाएगा तो ये घी छोड़ देगा।
-फिर गाढ़ा होने पर इसे गैस से उतार लें और एक ट्रे में घी लगा लें।
-घी लगाई हुई ट्रे पर मिश्रण को अच्छे से फैला लें और ठंडा होने दें। इसके ऊपर बारीक कटा हुआ बादाम और पिस्ता डाल लें।
-लगभग एक से दो घंटे बाद ये जमकर तैयार हो जाएगी और अब आप अपने हिसाब से इसके टुकड़े करके लौकी बर्फी के पीस निकाल सकते हैं और ठंडा करके इसका स्वाद ले सकते हैं।