त्योहार में पूजा, मस्ती के अलावा सबसे जरूरी होता है लजीज खाना। त्योहारों में तरह तरह के लजीज पकवान खाने में बनाए जाते हैं। मिठाई, स्नैक्स के साथ ही लंच और डिनर में भी रूटीन खाने से अलग कुछ खास डिश तैयार की जाती है। 2 नवंबर को धनतेरस है। इसी दिन से पांच दिनों के दीपों के पर्व की शुरुआत होती है। ऐसे में धनतेरस में धन कुबेर की पूजा के लिए मिठाई, स्नैक्स के अलावा डिनर भी कुछ खास बनना चाहिए। इस धनतेरस की रात आप डिनर में खास रेसिपी से स्वादिष्ट खाना तैयार कीजिये, ताकि हर कोई उंगलियां चाटता रह जाये। इस धनतेरस में आप कश्मीरी दम आलू बना सकतीं है। कश्मीरी दम आलू के साथ रोटी, पराठा या नान बना सकते हैं। प्लेन या जीरा राइस भी दम आलू के साथ खाने में स्वादिष्ट लगेगा। साथ में रायता या दही बड़े बनाएं। चलिये जानते हैं कि इस धनतेरस की रात डिनर में खास दम आलू बनाने की आसान रेसिपी।
Dhanteras 2021: धनतेरस की रात ऐसे करें अपना डिनर तैयार, ये रही आसान रेसिपी
कश्मीरी दम आलू बनाने की सामग्री
छोटे उबले आलू, टमाटर, हरी मिर्च, अदरक, काजू, हरा धनिया, तेल, जीरा, हींग, दालचीनी, बड़ी इलायची, लौंग, काली मिर्च, हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, कसूरी मेथी, नमक।
कश्मीरी दम आलू की रेसिपी
स्टेप 1- कश्मीरी दम आलू बनाने के लिए सबसे पहले छोटे आलू को कुकर में एक सीटी आने तक उबाल लें। इन्हें ज्यादा नहीं उबालना है। फिर आलू को छील कर उसमें छेड कर लीजिए।
स्टेप 2- तब तक दूसरी तरफ टमाटर, अदरक, हरी मिर्च और काजू का पेस्ट बना लें।
स्टेप 3- अब उबले आलू में हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डाल कर मिक्स कर लें।
स्टेप 4- एक पैन में तेल गरम करके आलू को क्रिस्पी ब्राउन होने तक तल लें।
स्टेप 5- अब एक कड़ाही में तेल डालकर गरम करें। फिर उस में जीरा, दालचीनी, लौंग, काली मिर्च, बड़ी इलायची के दाने डाल कर हल्का भून लें। हींग, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और कसूरी मेथी डाल कर भून लें।
स्टेप 6- फिर भुने मसाले में टमाटर का पेस्ट और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डाल कर अच्छे से तब तक भूने जब तक मसाले से तेल अलग न होने लगे।
स्टेप 7- मसाले में एक कप पानी मिला लें। इस ग्रेवी में गरम मसाला, नमक और हरा धनिया डाल कर मिला लें। अब फ्राई आलू को डालकर मिक्स कर लें।
स्टेप 8-सब्जी को 4 से 5 मिनट धीमी आंच पर ढक कर पकाएं। आपके कश्मीरी दम आलू बनकर तैयार हैं।