Bakrid 2024: इस साल बकरीद का त्योहार 17 जून को मनाया जा रहा है। ये पर्व मुस्लिम धर्म के लोगों के लिए काफी अहम होता है। लोग बकरीद के दिन अपने घरों में दावत का आयोजन करते हैं। वो अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और करीबियों को इस दावत में आमंत्रित करते हैं।
Bakrid 2024: बकरीद पर बनाना है कुछ खास तो तैयार करें मैंगो सेवई, मिलेगी तारीफ
बकरीद के इस त्योहार पर आप मैंगो सेवई बनाकर अपने घरवालों और मेहमानों का दिल जीत सकते हैं। तो आइए आपको इसे बनाने की विधि बताते हैं।
मैंगो सेवई बनाने का सामान
सेवई - 1 कप
घी - 2 टेबलस्पून
दूध - 3 कप
शक्कर - 1/2 कप
पके हुए आम का गूदा- 1 कप
इलायची पाउडर
काजू, बादाम और पिस्ता - 1/4 कप
मैंगो सेवई बनाने के लिए सबसे पहले आपको सेवई भूननी है। इसके लिए एक कढ़ाई में घी गर्म करें। इसमें सेवई डालकर मध्यम आंच पर सुनहरी भूरी होने तक भूनें। इसे लगातार चलाते रहें ताकि यह जल न जाए। ध्यान रखें इसे भूनते वक्त आपको गैस काफी हल्की रखनी है। जब ये भुन जाए तो गैस बंद करके इसे साइड में रख लें।
इसके बाद एक अन्य बर्तन में दूध गर्म करें और उबाल आने दें। जब दूध उबल जाए तो भुनी हुई सेवई में उबला हुआ दूध डालें और अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद धीमी आंच पर सेवई को दूध में पकने दें। इसे बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह तली में चिपके नहीं।
जब सेवई आधी पक जाए, तो इसमें शक्कर डालें और मिलाएं। जब सेवई पूरी तरह से पक जाए और दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो इसमें आम का पल्प डालें और मिलाएं। इसे कुछ मिनट और पकने दें ताकि आम का स्वाद सेवई में अच्छे से मिल जाए।
अब इसमें इलायची पाउडर, काजू, बादाम और पिस्ता को डालें और मिलाएं। ध्यान रहे कि मेवे बारीक कटे हुए हों। इन सब चीजों को अच्छी तरह से मिक्स करें और फिर गैस को बंद कर दें। परोसते वक्त इसके ऊपर आम के कुछ टुकड़े भी डालें। आप इसं ठंडा या गर्म दोनों तरह से परोस सकते हैं।