हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) को हृदय रोगों के प्रमुख कारकों में से एक माना जाता है। आमतौर पर उच्च रक्तचाप की शुरुआती स्थिति में कोई खास लक्षण नजर नहीं आते हैं, हालांकि इसके बढ़ने के साथ आपको कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उच्च रक्तचाप के रोगियों को हृदय रोग और स्ट्रोक का अधिक खतरा होता है। हमारे जीवनशैली के कई गड़बड़ आदतों ने लोगों में हाइपरटेंशन का खतरा काफी बढ़ा दिया है। जीवनशैली की खराबी, आहार की गड़बड़ी, मोटापा, धूम्रपान, तनाव, पारिवारिक इतिहास वाले लोगों में यह समस्या काफी अधिक देखने को मिलती है, जिसका रोकथाम किया जाना बहुत आवश्यक हो जाता है।
आज का योग: अक्सर बढ़ जाता है ब्लड प्रेशर? इन योगासनों को दिनचर्या में शामिल करके पा सकते हैं लाभ
सुखासन योग
सुखासन योग सबसे लोकप्रिय योग आसनों में से एक है जो श्वास को नियंत्रित करने के साथ मन को स्थिर बनाने और रक्तचाप को कंट्रोल करने में सहायक है। यह मुद्रा आपके शांत मन को बढ़ावा देकर और तनाव को कम करके उच्च रक्तचाप से राहत दिलाती है।
पीठ और गर्दन की स्ट्रेचिंग के साथ शरीर की मुद्रा में सुधार करने में भी इस योग के अभ्यास की आदत आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकता है। इसे हर आयुवर्ग के लोग आसानी से कर सकते हैं।
भुजंगासन या कोबरा पोज
हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से परेशान लोगों के लिए लिए भुजंगासन या कोबरा पोज का अभ्यास भी काफी फायदेमंद माना जाता है। कोबरा पोज योग रक्त और ऑक्सीजन के संचार को बढ़ावा देने के साथ तनाव से छुटकारा दिलाने है और हृदय के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में काफी सहायक है।
इस मुद्रा का अभ्यास शरीर के लचीलापन को बढ़ावा देने में भी फायदेमंद है। कोबरा पोज अस्थमा के मरीजों की जटिलताओं को कम करने और पीठ-कमर दर्द से राहत दिलाने में भी आपके लिए सहायक है।
चाइल्ड पोज का करें अभ्यास
हाइपरटेंशन के मरीजों के लिए चाइल्ड पोज योग काफी फायदेमंद होता है। यह उच्च रक्तचाप का कारण बनने वाले विभिन्न कारकों से राहत दिलाने में मदद कर सकती है। चाइल्ड पोज या बालासन योग तनाव को कम करने के साथ पूरे शरीर में रक्त परिसंचरण में सुधार करता है। इस आसन को करने की आदत श्वास को नियंत्रित रखने के साथ गर्दन और कंधों के तनाव को कम करने में भी मददगार है।
-------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।