Home Remedies for Dehydration: गर्मी और उमस के मौसम में शरीर में पानी की कमी होना एक आम समस्या है। अक्सर लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते, लेकिन यह जानना जरूरी है कि डिहाइड्रेशन अगर बढ़ जाए तो गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। शरीर में पानी की कमी का सबसे पहला और स्पष्ट संकेत है पेशाब का रंग गहरा पीला होना। हालांकि पेशाब का पीला होना अन्य गंभीर बीमारियों (किडनी संबंधित समस्या, लिवर की बीमारी या यूटीआई) का भी संकेत हो सकता है, लेकिन आमतौर पर ज्यादातर लोगों में ये डिहाइड्रेशन का संकेत होता है।
Dehydration: पीला पेशाब होना हो सकता है डिहाइड्रेशन का लक्षण, ऐसी स्थिति में कारगर हो सकते हैं ये सरल उपाय
डिहाइड्रेशन एक बेहद सामान्य बीमारी है, लेकिन अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए तो यह गंभीर हो सकता है। इसका एक सबसे सामान्य लक्षण है कि पेशाब पीला होता है। आइए इस लेख में डिहाइड्रेशन से बचाव के कुछ सरल उपायों के बारे में जानते हैं।
डिहाइड्रेशन के अन्य लक्षण
गहरे पीले रंग के पेशाब के अलावा, शरीर में पानी की कमी होने पर कई अन्य लक्षण भी दिखाई देते हैं। इनमें बार-बार प्यास लगना, मुंह और होठों का सूखना, थकान और चक्कर आना, सिरदर्द, और सामान्य से कम पेशाब आना शामिल है। छोटे बच्चों में इसके लक्षण धंसी हुई आंखें और रोते समय आंसू न आना हो सकते हैं। इन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए क्योंकि ये बताते हैं कि आपके शरीर को तुरंत पानी की जरूरत है।
ये भी पढ़ें- Health Tips: सेहत का आईना हैं आपके नाखून, इनके रंग में बदलाव दिखे तो तुरंत हो जाएं सावधान
पानी और ओआरएस का सेवन
डिहाइड्रेशन को दूर करने का सबसे पहला और प्रभावी उपाय है भरपूर मात्रा में पानी पीना। दिनभर नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें, भले ही आपको प्यास न लगी हो। यदि डिहाइड्रेशन दस्त, उल्टी या बहुत अधिक पसीना आने के कारण हुआ है, तो ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन का घोल पीना सबसे अच्छा होता है। यह पानी में ग्लूकोज, सोडियम और पोटेशियम का एक संतुलित मिश्रण होता है, जो शरीर के इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखता है।
ये भी पढ़ें- World Heart Day: दिल के स्वास्थ्य के लिए डाइट में शामिल करें ये चीजें, हार्ट संबंधित बीमारियों से दूर रहेंगे
नारियल पानी पीएं
पानी के अलावा कई प्राकृतिक पेय भी डिहाइड्रेशन में तेजी से राहत देते हैं। नारियल पानी एक बेहतरीन प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक है, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा और जरूरी पोषक तत्व प्रदान करता है। इसके अलावा नींबू पानी में एक चुटकी नमक और चीनी मिलाकर पीना, छाछ (मट्ठा), और तरबूज या संतरे जैसे पानी से भरपूर फलों का ताजा जूस पीना भी बेहद फायदेमंद होता है।
डिहाइड्रेशन से बचने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप पहले से ही सतर्क रहें। बाहर जाते समय या व्यायाम करते समय अपने साथ पानी की बोतल रखें। अपनी डाइट में खीरा, तरबूज, और संतरे जैसे पानी से भरपूर फलों और सब्जियों को शामिल करें। ध्यान रखें अगर इन घरेलू उपायों से आपको आराम न हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।