थायरॉइड विकार, वैश्विक स्तर पर बढ़ती स्वास्थ्य समस्या है जो हमारे शरीर को कई प्रकार से प्रभावित करने वाली हो सकती है। वजन बढ़ने-घटने, हार्मोनल असंतुलन, पाचन, त्वचा-बालों सहित थायरॉइड विकार के कारण आपको कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं।
World Thyroid Day 2025: महिला या पुरुष किसे थायरॉइड का खतरा अधिक? शुरुआत में ही कैसे करें बीमारी की पहचान
थायराइड ग्रंथि हमारे शरीर की एक महत्वपूर्ण एंडोक्राइन ग्रंथि है, जो गर्दन के निचले हिस्से में स्थित होती है। यह ग्रंथि कई महत्वपूर्ण हार्मोन्स का निर्माण करती है। हालांकि इसमें होने वाली समस्याएं शरीर को कई प्रकार से प्रभावित कर सकती हैं।
महिलाओं में थायरॉइड विकार का खतरा अधिक
अमेरिकन थायरॉइड एसोसिएशन के अनुसार, दुनियाभर में 200 मिलियन (20 करोड़) से अधिक लोग इस विकार का शिकार हैं, वहीं अकेले अमेरिका में ही इसके दो करोड़ से अधिक रोगी हैं। सबसे गंभीर बात ये है कि करीब 60% को इसकी जानकारी ही नहीं होती है।
- स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, थायरॉइड विकार बच्चों से लेकर बुजुर्गों, महिला-पुरुष किसी को भी हो सकता है। हालांकि आंकड़ों से पता चलता है कि महिलाओं को पुरुषों की तुलना में थायरॉइड की समस्याओं का अधिक जोखिम होता है। पुरुषों की तुलना में महिलाओं में थायरॉइड विकार की आशंका 8 से 10 गुना अधिक होती है।
- महिलाओं में हार्मोनल असंतुलन (जैसे प्रेग्नेंसी, पीरियड्स, मेनोपॉज आदि) उन्हें इस विकार के प्रति अधिक संवेदनशील बना देते हैं।
थायरॉइड विकार का समय पर करें पहचान
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शुरुआती स्थिति में ही अगर बीमारी की पहचान करके इसका इलाज प्राप्त कर लिया जाए तो थायरॉइड विकार के कारण होने वाली जटिलातओं से बचा जा सकता है। डॉक्टर बताते हैं, थायरॉइड विकार के लक्षण धीरे-धीरे उभरते हैं, लेकिन यदि समय पर पहचान हो जाए तो इसका प्रबंधन आसान हो सकता है। इसलिए शरीर में हो रहे बदलावों और अन्य समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देते रहना जरूरी है।
इन लक्षणों पर दें ध्यान
हाइपोथायरॉइडिज्म की स्थिति में आपको अक्सर थकान, वजन बढ़ने (बिना किसी कारण के), बहुत ठंड लगने, अक्सर कब्ज की समस्या बनी रहती है। इसके अलावा यदि आपको डिप्रेशन या मूड स्विंग्स, स्किन ड्राई होने या बाल झड़ने की दिक्कत हो रही है तो भी सावधान हो जाइए।
हाइपरथायरॉइडिज्म में क्या दिक्कतें होती हैं?
जिन लोगों को हाइपरथायरॉइडिज्म की दिकक्त होती है उनका अचानक वजन घटने लगता है, घबराहट या चिंता बनी रहती है, हाथ कांपते रहते हैं और दिल की धड़कन तेज रहती है। इस तरह की समस्याओं को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।
थायरॉइड विकार के लिए जीवनशैली में बदलाव महत्वपूर्ण हैं। यदि आपको लगातार लक्षण बने रहते हैं, तो डॉक्टर से परामर्श करें और जांच कराएं।
--------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।