रक्तदान को महादान कहा जाता है। नियमित रक्तदान से न सिर्फ आप खून की जरूरत वाले लोगों की जान बचा सकते हैं, साथ ही इस एक आदत से आपकी सेहत को भी कई प्रकार से लाभ होता है। बावजूद इसके दुनियाभर में रक्तदान की दर काफी कम है। न्यूयॉर्क ब्लड सेंटर की रिपोर्ट के अनुसार, हर दो सेकंड में यू.एस. में किसी को रक्त चढ़ाने की जरूरत होती है। दुर्घटना, सर्जरी और रक्त संबंधी कुछ प्रकार की बीमारियों के शिकार लोगों को समय पर रक्त देकर उनकी जान बचाई जा सकती है। हालांकि रक्तदान के आंकड़े इसकी अलग ही कहानी बयां करते हैं।
World Blood Donor Day 2024: शारीरिक और मानसिक दोनों सेहत के लिए लाभकारी है रक्तदान, क्या आपने किया?
नियमित रक्तदान के कई फायदे
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आप रक्तदान करके न सिर्फ किसी की जान बचाने में मदद कर सकते हैं साथ ही ये आदत रक्तदाता के लिए भी कई प्रकार से लाभकारी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, रक्तदान में कमी का प्रमुख कारण लोगों के मन में डोनेशन को लेकर कई प्रकार का डर और मिथक भी है। आइए जानते हैं कि अगर आप नियमित रूप से रक्तदान करते हैं तो इससे सेहत को किस प्रकार के लाभ हो सकते हैं?
मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी
रक्तदान करने से आपके भावनात्मक और शारीरिक दोनों स्वास्थ्य को लाभ होता है। मेंटल हेल्थ फाउंडेशन की एक रिपोर्ट के अनुसार इस एक आदत से तनाव कम हो सकता है। रक्तदान, दूसरों की मदद करने का तरीका है, जो आपकी भावनात्मक सेहत में सुधार करता है। नियमित रक्तदान से नकारात्मक भावनाओं से भी छुटकारा मिलती है।
मेंटल हेल्थ को ठीक रखने और कई प्रकार के शारीरिक स्वास्थ्य लाभ के लिए रक्तदान किया जाना चाहिए।
हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी
न्यूयॉर्क स्थित वेल कॉर्नेल मेडिकल सेंटर में ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन के निदेशक डॉ. रॉबर्ट डेसिमोन बताते हैं, रक्तदान करने से पहले आपकी शारीरिक जांच की जाती है, जिससे पता चल जाता है कि आप पहले से किसी समस्या के शिकार हैं या नहीं? इसके अलावा यह निश्चित रूप से हृदय संबंधी जोखिम कारकों को कम करने में मदद करता है। नियमित रक्तदान से रक्तचाप कम होता है। रक्त की चिपचिपाहट को कम करने में भी इससे लाभ मिलता है। ये हृदय को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है।
कैलोरी बर्न करने का तरीका
डॉ. रॉबर्ट बताते हैं, हर बार जब आप रक्तदान करते हैं, तो यह बिना कुछ किए कैलोरी बर्न कराने जैसा होता है।आपका शरीर निकाले गए रक्त की भरपाई के लिए 500 तक कैलोरी बर्न करता है। रक्तदान करने से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण भी तेजी से होता है।
आप हर तीन महीने में एक बार रक्तदान कर सकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।