स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मौजूदा समय में तेजी से बढ़ रही बीमारियों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है यदि हम सभी अपने आहार को स्वस्थ और पौष्टिक रखने पर विशेष ध्यान दे लें। हम जो कुछ भी खाते हैं उसका शरीर पर सीधा असर होता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को ऐसी चीजों के अधिक से अधिक सेवन की सलाह देते हैं जिससे शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की जरूरतों को पूरा किया जा सके।
Fast Food: इन दुष्प्रभावों को जानने के बाद आप भी फास्ट फूड्स से बना लेंगे दूरी, हो सकता है गंभीर रोगों का खतरा
क्या कहते हैं अध्ययन?
अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि फास्ट फूड्स, आमतौर पर पोषण के मामले में खराब दर्जे के होते हैं। अध्ययनों के अनुसार, फास्ट फूड में विभिन्न पदार्थ होते हैं जो आम तौर पर अस्वास्थ्यकर माने जाते हैं। इसमें चीनी, नमक, सेचुरेटेड या ट्रांस फैट और कई प्रकार के प्रिजर्वेटिव्स और प्रोसेस्ड चीजों की मात्रा अधिक होती है। ऐसे में यदि आप इनका अधिक मात्रा में या फिर दैनिक सेवन करते हैं तो इसके कई नुकसान हो सकते हैं।
फास्ट फूड्स को वजन बढ़ने से लेकर डायबिटीज और क्रोनिक बीमारियों को बढ़ावा देने वाला माना जाता है।
ये डायबिटीज रोगियों के लिए हानिकारक
फास्ट फूड्स का सेवन आपके ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाने वाला हो सकता है, इसका जल्दी ब्रेकडाउन हो जाता है, जिससे कार्बोहाइड्रेट और ऐडेड शुगर के कारण रक्त शर्करा में तेजी से वृद्धि होने लगती है। इसके अलावा फास्ट फूड्स में ट्रांस फैट की भी अधिकता होती है, जिसे सेहत के लिए हानिकारक पाया गया है। ये एलडीएल (बैड) कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने के साथ टाइप-2 डायबिटीज और हृदय रोगों का भी खतरा बढ़ा सकता है।
बढ़ जाता है इंफ्लामेशन का जोखिम
फास्ट फूड्स किस प्रकार से सेहत के लिए नुकसानदायक हैं, इससे संबंधित अध्ययनों की समीक्षा में किसी व्यक्ति की प्रतिरक्षा प्रणाली पर पश्चिमी आहार के प्रभावों की जांच की गई। लेखकों ने नोट किया कि पश्चिमी आहार या अधिक मात्रा में फास्ट फूड्स का सेवन करने वालों में इंफ्लामेशन का जोखिम अधिक देखा गया। इससे संक्रमण का जोखिम, कैंसर, एलर्जी और ऑटोइंफ्लेमेटरी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
नर्वस सिस्टम के लिए भी ये ठीक नहीं
आपके सेंट्रल नर्वस सिस्टम में मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी शामिल होती है। फास्ट फूड अधिक खाने से शरीर के इन हिस्सों पर भी नकारात्मक असर दिख सकता है। कॉलेज के छात्रों के बीच किए गए अध्ययन में पाया गया कि अधिक मात्रा में फास्ट फूड खाने से शार्ट टर्म मेमेरी की समस्या का जोखिम अधिक हो सकता है। इसके अलावा जो लोग अधिक या फिर अक्सर फास्ट फूड्स का सेवन करते रहते हैं, उनमें मोटापे का जोखिम अधिक होता है जिसके कारण भी नर्वस सिस्टम पर असर हो सकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।