खराब जीवनशैली और खान-पान में गड़बड़ी के कारण कम उम्र में ही लोग कई सारी गंभीर बीमारियों का शिकार हो जाते हैं। डॉक्टर कहते हैं, आज के दो दशक पहले जो बीमारियां आमतौर पर बुजुर्गों को हुआ करती थीं, वह अब युवाओं में भी बहुत अधिक देखी जा रही हैं। डायबिटीज, हड्डियों में कमजोरी, थकान और आंखों की कई सारी दिक्कतें तेजी से युवाओं को अपना शिकार बना रही हैं। डायबिटीज और हृदय रोग जैसी बीमारियां तो दीर्घकालिक भी हो सकती है, जिसके लिए आपको लंबे समय तक इलाज की आवश्यकता हो सकती है।
सलाह: डायबिटीज हो या कैंसर, इस एक फल का रोजाना सेवन कई गंभीर बीमारियों में है फायदेमंद
सेब खाने के फायदे
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हम सभी बचपन से सुनते आ रहे हैं, रोजाना एक सेब का सेवन करना हमें डॉक्टरों से दूर रखने में सहायक हो सकता है। वास्तव में सेब बड़ा ही गुणकारी फल होता है, जिसका सेवन करना सेहत के लिए अत्यधिक फायदेमंद माना जाता है। कई तरह के फाइबर, विटामिन और खनिजों से भरपूर सेब का सेवन करने से कई तरह के स्वास्थ्य लाभ हो सकते हैं। सेब में पाए जाने वाले पोषक तत्व, कैंसर और मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षा दे सकते हैं। आइए सेब खाने से सेहत को होने वाले ऐसे ही कुछ फायदों के बारे में जानते हैं।
कैंसर के खतरे को कम कर सकता है सेब
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सेब में पाए जाने वाले एंटीऑक्सिडेंट, शरीर को कैंसर रोगों से सुरक्षा दे सकते हैं। एंटीऑक्सिडेंट का सेवन ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम कर देता है जो शरीर में कैंसर को विकसित कर सकती हैं। साल 2016 के अध्ययनों के निष्कर्ष के आधार पर वैज्ञानिकों ने बताया कि रोजाना सेब का सेवन करने वालों में फेफड़ों, स्तन और कोलोरेक्टल कैंसर का खतरा कम हो सकता है। एक अन्य अध्ययन में वैज्ञानिकों का कहना है कि सेब में मौजूद फाइबर पेट के कैंसर को भी कम करने में मददगार हो सकते हैं।
डायबिटीज रोगियों के लिए फायदेमंद है सेब का रोजाना सेवन
अक्सर डायबिटीज रोगियों के लिए फलों का चयन करना कठिन हो जाता है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ऐसे रोगियों के लिए सेब का सेवन करना अत्यधिक फायदेमंद हो सकता है। अध्ययनों से भी पता चलता है कि रोजाना सेब का सेवन करने वाले लोगों में टाइप-2 डायबिटीज का खतरा कम होता है। साल 2013 में किए गए एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि जो लोग सेब के जूस का सेवन करते हैं उनमें टाइप-2 मधुमेह का खतरा अन्य लोगों को मुकाबले सात फीसदी तक कम हो सकता है।
हृदय रोगों में भी है लाभदायक
डायबिटीज और कैंसर के साथ सेब का सेवन हृदय रोगों में भी काफी फायदेमंद माना जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक सेब में पाया जाने वाला फाइबर, रक्त में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करता है, कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ जाने से हृदय रोगों का खतरा अधिक हो सकता है। इसके अलावा सेब के छिलके में पाया जाने वाला पॉलीफेनोल्स नामक एंटीऑक्सीडेंट हृदय रोगों में काफी फायदेमंद माना जाता है। हृदय रोगों के खतरे को कम करने के लिए सभी लोगों को बिना छिलका उतारे सेब का सेवन करना चाहिए।
--------------------
नोट: यह लेख तमाम जर्नल्स में प्रकाशित अध्ययनों के आधार पर तैयार तैयार किया गया है। संबंधित अध्ययन संलग्न हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।