ये दिवाली वीक चल रहा है, देशभर में रोशनी और उल्लास के इस खास पर्व का उत्सव देखा जा रहा है। त्योहार हो तो मिठाइयां तो बनती ही हैं, बिना मिठाई के खुशियां अधूरी-सी लगती हैं। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को त्योहारों के दौरान अपनी सेहत को लेकर खास सावधानी बरतते रहने की सलाह देते हैं। विशेषतौर पर मिठाइयों के सेवन को लेकर अलर्ट रहना और भी जरूरी है।
हेल्थ की बात: क्या ज्यादा मिठाइयां भी बढ़ा सकती हैं कोलेस्ट्रॉल? जानिए दिल पर क्या पड़ सकता है असर
ज्यादा मिठाइयां खाना सिर्फ ब्लड शुगर और वजन ही नहीं, कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर को भी प्रभावित कर सकता है। मिठाइयों में मौजूद अतिरिक्त चीनी, घी और ट्रांस फैट दिल की सेहत के लिए नुकसानदायक हैं। संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और समय-समय पर लिपिड प्रोफाइल टेस्ट से जोखिम कम किया जा सकता है।
हाई कोलेस्ट्रॉल के खतरे
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने पर धमनियों में फैट जमा होने का खतरा बढ़ जाता है, इससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। अक्सर लोग सोचते हैं कि कोलेस्ट्रॉल सिर्फ तेल या घी खाने से बढ़ता है, जबकि अध्ययनों से पता चलता है कि ज्यादा चीनी का सेवन भी शरीर में फैट के संतुलन को बिगाड़ सकता है। चूंकि त्योहारों के दौरान हमारा खान-पान गड़बड़ हो जाता है और हम सभी मिठाइयां ज्यादा खाने लगते हैं इससे आपकी सेहत के लिए मुश्किलें बढ़ने का खतरा हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, मिठाइयों में मौजूद चीनी और फैट दोनों शरीर में अलग-अलग तरह से असर डालते हैं। यह समझना जरूरी है कि चीनी सीधे बैड कोलेस्ट्रॉल नहीं बढ़ाता, लेकिन इसका ज्यादा सेवन ट्राइग्लिसराइड्स का स्तर बढ़ा सकता है।
- कोलेस्ट्रॉल एक तरह का फैट है, जिसकी शरीर को कुछ मात्रा में जरूरत होती है। लेकिन जब खून में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ जाता है, तो यह धमनियों की दीवारों में जमा होने लगता है।
- इससे नसें संकरी और सख्त हो सकती हैं। नसें में रुकावट के कारण दिल तक खून पहुंचने में परेशानी होती है और हार्ट अटैक-स्ट्रोक का जोखिम बढ़ जाता है।
- मिठाइयों में मौजूद अतिरिक्त चीनी शरीर में ट्राइग्लिसराइड्स बढ़ा सकती है। ज्यादा कैलोरी लेने से वजन भी बढ़ सकता है। इससे शरीर में फैट का संतुलन बिगड़ने का खतरा रहता है।
क्या कहते हैं डॉक्टर?
जनरल फिजिशियमन डॉ उत्कर्ष बताते हैं, गुलाब जामुन-लड्डू, बर्फी और रबड़ी जैसी मिठाइयों में घी और मक्खन का इस्तेमाल होता है। इनमें सैचुरेटेड फैट अधिक होता है जिससे आपका कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ा सकता है।
बाजार में मिलने वाली मिठाइयों और बेकरी उत्पादों में इस्तेमाल होने वाली हाइड्रोजनीकृत वनस्पति में ट्रांस फैट हो सकता है। इसके ज्यादा सेवन को पहले से बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने और गुड कोलेस्ट्रॉल को कम करने वाला पाया गया है।
फिर इन समस्याओं से कैसे बचें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, कोलेस्ट्रॉल और दिल की बीमारी से बचाव के लिए खान-पान को लेकर सावधानी बहुत जरूरी है।
- ज्यादा मिठाई खाने की आदत से बचें।
- मिठाइयों की जगह मौसमी फल, नट्स और कम चीनी वाली चीजें कम मात्रा में खा सकते हैं।
- डाइट में हरी सब्जियां, फल, दालें और साबुत अनाज शामिल करें।
- रोजाना कम से कम 30 मिनट वॉक या दूसरी शारीरिक गतिविधि करें।
- तली-भुनी चीजों, घी, मक्खन और ज्यादा फैट वाले खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें।
- अगर परिवार में पहले से हाई कोलेस्ट्रॉल या हार्ट डिजीज की हिस्ट्री रही है तो समय-समय पर लिपिड प्रोफाइल टेस्ट कराएं जिससे कोलेस्ट्रॉल के स्तर का पता लगाया जा सके।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।