डाइट ठीक तो सेहत ठीक, इस फॉर्मूले पर अगर हम सभी ध्यान दे लें तो कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के खतरे को कम किया जा सकता है। अच्छी सेहत के लिए जरूरी है कि हमारी रोजाना की थाली में सभी पोषक तत्व सही मात्रा में मौजूद हों। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स के साथ कार्बोहाइड्रेट की भी जरूरत होती है। लेकिन वजन बढ़ने और डायबिटीज के डर से आजकल लोग कार्बोहाइड्रेट वाली चीजों, खासकर चावल से दूरी बनाने लगे हैं। कुछ लोग तो इसे पूरी तरह खाना बंद कर देते हैं।
जानना जरूरी: क्या चावल खाने से सच में बढ़ता है मोटापा और शुगर? जानिए सफेद चावल का शरीर पर असर
Rice Benefits And Side Effects: चावल भारतीय खान-पान का अहम हिस्सा है, लेकिन इसके अधिक सेवन से वजन बढ़ने और ब्लड शुगर तेजी से बढ़ने की आशंका हो सकती है। हालांकि, चावल पूरी तरह छोड़ना जरूरी नहीं है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अच्छी सेहत के लिए आहार की मात्रा पर ध्यान देना सबसे जरूरी है। कार्बोहाइड्रेट भी सेहत के लिए उतना ही जरूरी है।
शरीर के लिए क्यों जरूरी है कार्बोहाइड्रेट?
कार्बोहाइड्रेट शरीर को ऊर्जा देने वाले प्रमुख पोषक तत्वों में से एक है। मस्तिष्क और मांसपेशियों को सामान्य रूप से काम करने के लिए इसकी जरूरत होती है। रोटी-चावल, दलिया, ओट्स और साबुत अनाज से इसकी पूर्ति होती है। हालांकि, इनका सेवन कितनी मात्रा में किया जा रहा है, इसपर ध्यान देना जरूरी है।
- कार्बोहाइड्रेट की मात्रा आहार में ज्यादा होना जितना नुकसानदायक है, इसकी कमी भी सेहत के लिए कई तरह की मुश्किलें बढ़ाने वाली हो सकती है।
चावल खाने से पहले जान लीजिए ये बातें
चावल मुख्य रूप से कार्बोहाइड्रेट का स्रोत है, जिससे शरीर को ऊर्जा मिलती है। इसमें थोड़ी मात्रा में प्रोटीन, विटामिन-बी समूह और कुछ मिनरल्स भी पाए जाते हैं। यह आसानी से पचने वाला भोजन है। इसे दाल, सब्जियों, दही और सलाद के साथ खाने से भोजन को अधिक संतुलित बनाया जा सकता है।
- आमतौर पर सफेद चावल की प्रोसेसिंग के दौरान इसकी बाहरी परत और चोकर निकल जाते हैं। इसलिए इसमें ब्राउन राइस की तुलना में फाइबर कम होता है।
- सफेद चावल की कुछ किस्मों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी अधिक होता है, जिससे खाने के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है।
ज्यादा चावल खाने से क्या दिक्कतें होती हैं?
सीमित मात्रा में चावल खाना जरूरी है, पर इसकी अधिकता सेहत के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाली हो सकती है।
- अधिक मात्रा में सफेद चावल खाने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है। डायबिटीज के मरीजों को इसकी मात्रा पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
- ज्यादा चावल खाने पर आपका कैलोरी इंटेक बढ़ जाता है। ऐसे में अगर आपकी शारीरिक गतिविधियां कम हैं और कैलोरी बर्न ठीक से नहीं हो पा रहा है तो इससे वजन बढ़ने का खतरा रहता है।
- लगातार हाई कैलोरी और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट वाली चीजों का सेवन वजन और पेट के आसपास चर्बी बढ़ा सकता है।
- सफेद चावल में फाइबर कम होता है। अगर डाइट में फल, सब्जियां और दालें भी पर्याप्त नहीं हैं, तो शरीर को जरूरी फाइबर नहीं मिल पाता।
क्या चावल खाना पूरी तरह छोड़ देना चाहिए?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहती हैं, वजन घटाने या शुगर को कंट्रोल रखने के लिए चावल को पूरी तरह छोड़ना जरूरी नहीं है। सफेद चावल की जगह ब्राउन राइस अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें फाइबर और कुछ मिनरल्स अधिक होते हैं। इसके अलावा चावल के साथ दाल, हरी सब्जियां, सलाद और प्रोटीन युक्त चीजें शामिल करें।
- चावल अपने आप में नुकसानदायक नहीं है। बस इसकी मात्रा, किस्म और खाने का तरीका मायने रखता है। संतुलित डाइट और नियमित शारीरिक गतिविधि के साथ इसे स्वस्थ खान-पान का हिस्सा बनाया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।