Medically reviewed by-
खराब दिनचर्या और भोजन में पौष्टिकता की कमी के चलते लोगों को कम उम्र में ही तरह-तरह की बीमारियां घेर लेती हैं। डायबिटीज यानी मधुमेह ऐसी ही एक बीमारी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ डायबिटीज को सबसे खतरनाक रोगों में से एक मानते हैं। डॉक्टर कहते हैं, मधुमेह शरीर में अंदर ही अंदर कई तरह की समस्याएं उत्पन्न पैदा करता जाता है। वहीं यदि इसका स्तर सामान्य से ज्यादा बढ़ जाए तो यह बेहद गंभीर रोगों का कारण भी बन सकता है। डायबिटीज को नियंत्रित करने के लिए लोग तमाम तरह के उपायों को प्रयोग में लाते हैं। वहीं जिन लोगों में डायबिटीज का स्तर बहुत ज्यादा हो जाता है उन्हें इंसुलिन लेने की सलाह दी जाती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दवा से ज्यादा परहेज, डायबिटीज को नियंत्रित रखने में सहायक हो सकता है। जिन लोगों को डायबिटीज की समस्या हो उन्हें आहार में बदलाव करके उन चीजों का सेवन बढ़ा देना चाहिए जो इस गंभीर बीमारी को नियंत्रित कर सकते हैं।
आइए इस लेख में जानते हैं, कि डायबिटीज रोगियों को क्या खाने से लाभ मिल सकता है और किन चीजों से उन्हें बिल्कुल बच कर रहना चाहिए?
बीमारी को बाय: डायबिटीज रोगियों के लिए फायदेमंद है इन फलों-सब्जियों का सेवन, यहां जानिए क्या खाएं-क्या नहीं?
कटहल का आटा डायबिटीज में फायदेमंद
नेचर जर्नल में छपी रिपोर्ट में वैज्ञानिकों ने बताया है कि रोजाना भोजन में हरे कटहल के आटे इस्तेमाल करने से टाइप-2 डायबिटीज के रोगियों को काफी लाभ मिल सकता है। वैज्ञानिकों का दावा है कि हरे कटहल का आटा मधुमेह के रोगियों में प्लाज्मा शर्करा के स्तर को कम करने में सहायक हो सकता है। अध्ययन में कटहल के आटे का सेवन करने वाले लोगों का ग्लाइकोसिलेटेड हीमोग्लोबिन (HbA1c) काफी कम पाया गया। ग्लाइकोसिलेटेड हीमोग्लोबिन का बढ़ना, मधुमेह का संकेत माना जाता है।
डाइबिटीज रोगियों को जरूर खानी चाहिए यह सब्जियां
आहार विशेषज्ञों के मुताबिक डायबिटीज के मरीजों को अपनी डाइट में करेला, मेथी, सहजन, पालक, तुरई, शलगम, बैंगन, परवल, लौकी, मूली, फूलगोभी, बंद गोभी, ब्रोकली, टमाटर और हरी पत्तेदार सब्जियों को शामिल करना चाहिए। इनसे ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रण में रखने में मदद मिल सकती है। करेले को डायबिटीज में सबसे फायदेमंद सब्जियों में से एक माना जाता है, इसके अलावा हाई फाइबर वाली सब्जियां भी मधुमेह रोगियों के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं।
इन फलों का सेवन करना माना जाता है फायदेमंद
आहार विशेषज्ञ कहते हैं कि डायबिटीज के मरीज सेब, संतरा, पपीता, कीवी, आडू़ और जामुन आदि का सेवन सीमित मात्रा में कर सकते हैं। इसमें विटामिन-सी से लेकर फाइबर और कई पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। तय मात्रा में इन फलों के सेवन से शुगर लेवल नियंत्रण में रहता है। ध्यान रहे, उन फलों का सेवन अधिक से अधिक मात्रा में करें जिनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है।
अधिक ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फलों से बना लें दूरी
फलों के सेवन के संबंध में डायबिटीज के रोगियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। मधुमेह के रोगियों को केला, चीकू, अंगूर, आम और लीची आदि फलों को न खाने की सलाह दी जाती है।दरअसल, इन फलों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स अधिक होता है, जिससे ब्लड शुगर लेवल के बढ़ने का खतरा रहता है। हालांकि कुछ अध्ययनों में कहा जाता है कि केले, डायबिटीज में फायदेमंद हो सकते हैं। किसी भी फल के सेवन से पहले एक बार डॉक्टर से सलाह लेना ज्यादा उचित हो सकता है।
--------------------
नोट: यह लेख आहार और पोषण विशेषज्ञ हिमांशु राय के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। हिमांशु राय दिल्ली के जाने-माने पोषण विशेषज्ञ हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।