दुनियाभर में दिल की बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जिस तरह से लोगों की दिनचर्या और खान-पान में गड़बड़ी बढ़ती जा रही है, इसने दिल की सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। लिहाजा कम उम्र के लोग भी अब हृदय रोगों का शिकार देखे जा रहे हैं।
हार्ट हेल्थ: कार्डियोलॉजिस्ट ने बताया दिल को स्वस्थ रखने के लिए हफ्ते में कितनी एक्सरसाइज जरूरी?
वयस्कों को दिल को स्वस्थ रखने के लिए सप्ताह में 150 से 300 मिनट मध्यम तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि करने की सलाह दी जाती है। इसके साथ कम से कम दो दिन मांसपेशियों को मजबूत करने वाली एक्सरसाइज करनी चाहिए।
नियमित रूप से व्यायाम की बनाएं आदत
कई अध्ययनों से स्पष्ट होता है कि दिल की सेहत के लिए एक्सरसाइज बहुत जरूरी है। हालांकि इसका मतलब ये नहीं है कि आपको रोजाना जिम जाने की जरूरत है। तेज चलने, साइकिलिंग, तैराकी जैसे व्यायाम भी शरीर के सक्रिय रखने और दिल की सेहत को ठीक रखने में मददगार हो सकते हैं।
- विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक वयस्कों को सप्ताह में कम से कम 150 से 300 मिनट की मध्यम तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि जरूर करनी चाहिए।
- इसके अलावा सप्ताह में कम से कम दो दिन मांसपेशियों को मजबूत करने वाली एक्सरसाइज दिल के साथ-साथ संपूर्ण स्वास्थ्य को ठीक रखने में मददगार हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वयस्कों के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट की शारीरिक गतिविधि जरूरी है। मध्यम तीव्रता में तेज चलने जैसी गतिविधियां भी शरीर को स्वस्थ और फिट रखने में मददगार हो सकती हैं। इस तरह के अभ्यास से शरीर सक्रिय होता है और दिल की धड़कन व सांस सामान्य से तेज हो जाती है।
मांसपेशियों की एक्सरसाइज भी जरूरी
कार्डियोलॉजिस्ट डॉ रवि प्रकाश सिंह कहते हैं, दिल की सेहत के लिए एरोबिक व्यायाम महत्वपूर्ण है, लेकिन आपको दैनिक रूप से मांसपेशियों को मजबूत करने वाले व्यायाम भी जरूर करने चाहिए। सप्ताह में कम से कम दो दिन मांसपेशियों को मजबूत करने वाले व्यायाम से आपको लाभ मिल सकता है।
- वजन उठाना, रेजिस्टेंस बैंड से एक्सरसाइज करना या शरीर के वजन से की जाने वाली कुछ कसरत भी आपको लाभ दे सकते हैं।
- हालांकि हमेशा अपनी उम्र, फिटनेस और स्वास्थ्य के अनुसार ही व्यायाम करना चाहिए।
- क्षमता से अधिक व्यायाम करने से फायदे की जगह नुकसान होने का खतरा अधिक होता है।
व्यायाम की निरंतरता ज्यादा जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, दिल की सेहत के साथ संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए किसी भी तरह का व्यायाम बहुत जरूरी है।
अगर आपको पहले से दिल की बीमारी है या व्यायाम करते समय सीने में दर्द, सांस फूलने, चक्कर या बेहोशी जैसी दिक्कतें महसूस होती हैं इस बारे में डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें। हमेशा उन्ही व्यायाम का चयन करने जिनके लिए आपका शरीर सहमति देता हो। व्यायाम की निरंतरता बहुत जरूरी है जो आपको लंबे समय तक स्वस्थ और फिट बनाए रखने में मददगार हो सकती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।