दुनिया में मोटापे के शिकार लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कुछ साल पहले एक अध्ययन रिपोर्ट आई थी, जिसमें बताया गया था कि दुनिया में 10 में से एक व्यक्ति मोटापे का शिकार है। यह अध्ययन अमेरिका और ब्रिटेन ने मिलकर किया था और इसके परिणाम लैंसेट नामक पत्रिका में प्रकाशित किए गए थे। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अधिक वजन या मोटापे के कारण हर साल 40 लाख से अधिक लोग मर रहे हैं। अधिक वजन और मोटापे की दर वयस्कों और बच्चों में लगातार बढ़ रही है। संगठन का कहना है कि 1975 से 2016 तक वैश्विक स्तर पर 5-19 वर्ष की आयु के बच्चों और किशोरों में मोटापा चार फीसदी से 18 फीसदी तक बढ़ गया। हालांकि मोटापे से जूझ रहे लोगों के लिए अब एक राहत की खबर मिली है। अमेरिका के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने एक ऐसी दवा को मंजूरी दी है, जो मोटापे को 15 फीसदी तक कम कर देती है। आइए जानते हैं इस दवा के बारे में...
राहत की खबर: मोटापे को कम करने वाली दमदार दवा को एफडीए की मंजूरी, जानिए इसके साइड-इफेक्ट
मोटापे को कम करने वाली इस दवा का नाम वीगोवी है। इसे दवा कंपनी नोवो नॉरडिस्क ने बनाया है। हालांकि यह कोई नई दवा नहीं है, बल्कि यह डायबिटीज की दवा है। यह सीमैगलुटाइड दवा का अपग्रेडेड वर्जन (उन्नत संस्करण) है, जिसे डायबिटीज में इस्तेमाल किया जाता है।
इस दवा का ट्रायल 14 महीने से अधिक समय तक किया गया है। इस ट्रायल में अधिक वजन वाले या मोटापे से जूझ रहे जिन लोगों ने भाग लिया, उनमें यह पाया गया कि वीगोवी दवा लेने के बाद उनका औसत वजन 15 फीसदी तक कम हुआ। कहा जा रहा है कि इस दवा को जल्द ही बाजार में उतारा जाएगा।
एफडीए के मुताबिक, अमेरिका में फिलहाल लगभग 70 फीसदी लोग अधिक वजन या मोटापे के शिकार हैं। मोटापा या अधिक वजन होना एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जो मौत के कुछ प्रमुख कारणों से जुड़ी है, जिसमें हृदय रोग, स्ट्रोक और मधुमेह शामिल हैं और यह कुछ प्रकार के कैंसर के बढ़ते जोखिम से भी जुड़ा है। ऐसे में यह दवा इन गंभीर बीमारियों के जोखिम को भी काफी हद तक कम कर सकती है।
मोटापा कम करने वाली इस दवा के साइड-इफेक्ट क्या हैं?
- जी मिचलाना, चक्कर आना
- डायरिया, उल्टी
- कब्ज, पेट दर्द, अपच, पेट फूलना
- सिर दर्द, थकान,
- टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों में शुगर लेवल लो होना
स्रोत और संदर्भ:
FDA Approves New Drug Treatment for Chronic Weight Management, First Since 2014
https://www.fda.gov/news-events/press-announcements/fda-approves-new-drug-treatment-chronic-weight-management-first-2014
अस्वीकरण नोट: यह लेख एफडीए की वेबसाइट पर प्रकाशित स्टडी के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। किसी भी तरह के बीमारी के लक्षण हों अथवा आप किसी रोग से ग्रसित हों तो अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।