दुनियाभर में जारी कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए लोगों को लगातार बचाव के उपाय करते रहने के साथ-साथ, खान-पान पर भी विशेष ध्यान देने की सलाह दी जाती रही है। स्वस्थ और पौष्टिक चीजों के सेवन से शरीर की इम्युनिटी पावर बढ़ती है जो संक्रमण से सुरक्षित रखने के साथ आपको अन्य कई तरह की बीमारियों के खतरे से भी बचाती है। कोरोना के इस दौर में रिपोर्ट्स में कई ऐसी चीजों को भी विशेष कारगर बताया जा रहा है जोकि आमतौर पर कामोत्तेजक के रूप में प्रयोग में लाई जा रही हैं।
कोरोना संकट: क्या संक्रमितों की जान बचा सकती है यह कामोत्तेजक दवा? रिपोर्ट में सामने आई हैरान कर देने वाली बात
वियाग्रा और कोविड-19
हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट में जिक्र मिलता है कि कोरोना संक्रमण के दौरान कोमा में पहुंची एक नर्स को वियाग्रा की हाई डोज देकर उसकी जान बचाई गई। यूके के एक अस्पताल में नर्स मोनिका अल्मेडा, कोरोना के गंभीर संक्रमण के चलते करीब 28 दिनों तक कोमा में थीं। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक वियाग्रा की हाई डोज देने के बाद उनकी स्थिति में आश्चर्यजनक रूप से सुधार देखने को मिला और 72 घंटे के भीतर ही उन्हें वेंटिलेटर से उतार लिया गया।
क्या वियाग्रा से ठीक हो सकता है कोविड-19?
वैश्विक स्तर पर इस बात को लेकर हाल के दिनों में काफी चर्चा रही है कि क्या वियाग्रा को कोविड-19 के उपचार के तौर पर देखा जा सकता है? इस बारे रिपोर्ट में में स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि COVID-19 के इलाज के लिए वियाग्रा जैसी दवा के उपयोग को बढ़ावा देने वाली एक छोटी सी खबर भी एक वास्तविक खतरा है। महामारी के दो साल ने लोगों को वायरस से अविश्वसनीय रूप से भयभीत कर दिया है और खुद को बचाने के लिए लोग कुछ भी करने को तैयार हैं। इसे ध्यान में रखते हुए, यह जानना महत्वपूर्ण है कि वियाग्रा या इससे संबंधित कोई भी दवा वर्तमान में कोविड-19 के उपचार के लिए स्वीकृत नहीं है। इसे प्रयोग में नहीं लाया जाना चाहिए।
कोरोना से बचाव के लिए फिर क्या करना चाहिए?
वैज्ञानिकों का कहना है कि कोरोना के खतरे से बचे रहने के लिए हमें लगातार कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर का पालन करते रहने के साथ इम्युनिटी को बढ़ाने वाले तरीकों पर ध्यान देने की आवश्यकता है। इम्युनिटी को बढ़ाने के लिए कोई शॉर्ट कट तरीका नहीं है, यह एक सतत प्रक्रिया है जिसपर लगातार काम करते रहने की आवश्यकता है। कोरोना से बचाव के लिए फिलहाल एक ही चीज को सबसे प्रभावी माना जा सकता है वह है- वैक्सीन। वैक्सीनेशन कराके आप कोरोना के गंभीर संक्रमण और इसके कारण होने वाली मौत के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकते हैं।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।