आर्थराइटिस यानी की गठिया की समस्या, आज के समय में काफी सामान्य सी होती जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसके लिए जीवनशैली की गड़बड़ी को मुख्य कारण मानते हैं। गठिया की समस्या में जोड़ों में सूजन और दर्द बनी रहती है, जिसके कारण रोगियों के लिए दैनिक जीवन के सामान्य कामकाज करना भी कठिन हो जाता है। गठिया से पीड़ित मरीजों को जोड़ों में दर्द और कसाव महसूस होती रहती है, जिसके कारण कुछ लोगों को लिए थोड़ी दूर तक चलना भी काफी मुश्किल हो जाता है। आमतौर पर पैरों और हाथों के जोड़ों में गठिया की समस्या अधिक देखने को मिलती है, जिसके आधार पर इस समस्या का अंदाजा लगाया जाता है, पर क्या आप जानते हैं कि आंखों के माध्यम से भी गठिया की समस्या का पता लगाया जा सकता है?
सेहत की बात: जोड़ों ही नहीं आंखों में भी देखे जा सकते हैं गठिया के लक्षण, ऐसे संकेतों को बिल्कुल न करें अनदेखा
गठिया के कारण और सामान्य लक्षण
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक जोड़ों में सूजन को गठिया में सबसे आम समस्या माना जाता है। ऑस्टियोआर्थराइटिस आमतौर पर उम्र के साथ होता है और अक्सर उंगलियों, घुटनों और कूल्हों को प्रभावित करता है। चोट के कारण भी कुछ लोगों को बाद में गठिया की समस्या हो सकती है। इसके अलावा गठिया की फैमिली हिस्ट्री, जोड़ों पर बार-बार तनाव पड़ने और कुछ ऑटोइम्यून रोग या वायरल संक्रमण के कारण भी आप इस समस्या के शिकार हो सकते हैं।
आंखों में गठिया के लक्षण
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक वैसे तो माना जाता रहा है कि गठिया की समस्या का मुख्य लक्षण जोड़ों में सूजन होना होता है, हालांकि आंखें भी इस समस्या का संकेत देती हैं। आर्थराइटिस रोगियों में अक्सर ड्राई आइज की समस्या देखने को मिलती है। इस समस्या का अगर समय पर इलाज न किया जाए तो इससे कॉर्निया को नुकसान तक पहुंच सकता है।
आर्थराइटिस फाउंडेशन के अनुसार, शरीर में सूजन संबंधी कोई भी स्थिति जैसे रुमेटीइड आर्थराइटिस आदि कोलेजन को प्रभावित कर सकती है, जिससे आंखों के कॉर्निया और स्केलरा (सफेद भाग) को नुकसान हो सकता है, इन्हीं लक्षणों के आधार पर समस्या का निदान किया जाता है।
आंखों के इन लक्षणों को लेकर भी रहें सावधान
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार रूमेटाइड आर्थराइटिस वाले लोगों में ड्राई आइज सिंड्रोम की समस्या सबसे आम है। पुरुषों की तुलना में महिलाएं इससे नौ गुना अधिक प्रभावित होती हैं। वैसे तो रूमेटाइड आर्थराइटिस का कोई इलाज नहीं है, पर समय पर निदान और प्रबंधन करके इससे संबंधित समस्याओं को कम करने में मदद मिल सकती है। ड्राई आइज के अलावा आंखों में दर्द, लालिमा, धुंधली दृष्टि प्रकाश के प्रति संवेदनशीलता की समस्या भी गठिया के रोगियों में अधिक देखने को मिलती है।
गठिया से बचाव कैसे करें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक गठिया से बचाव के लिए सभी लोगों को अपनी जीवनशैली में बदलाव करने की आवश्यकता है। शारीरिक व्यायाम के साथ अच्छा खान-पान आपको इस समस्या से बचा सकता है। इसके अलावा सभी लोगों को इन बातों पर भी ध्यान रखना चाहिए।
- वजन को नियंत्रित रखें । अतिरिक्त वजन के कारण शरीर के जोड़ों और घुटनों पर दबाव पड़ता है।
- ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करें।
- नियमित रूप से व्यायाम करें और चोट से बचें।
- धूम्रपान से दूरी बनाकर रखें।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।