वैश्विक स्तर पर कोरोना के एक बार फिर से बढ़ते खतरे को देखते हुए सभी लोगों ने प्रतिरक्षा को मजबूती देने वाले उपाय फिर से शुरू कर दिए हैं। अध्ययनकर्ता कहते हैं, जिन लोगों की इम्युनिटी मजबूत है उनमें संक्रमण या फिर संक्रमण की स्थिति में गंभीर रोग विकसित होने का खतरा कम होता है। अगर आप भी इम्युनिटी बूस्टर उपायों के बारे में सर्च कर रहे हैं तो तुलसी की पत्तियां आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकती हैं। कई प्रकार के माइक्रोन्यूट्रिएंट्स से भरपूर तुलसी की इन पत्तियों में प्रभावी एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-ऑक्सीडेंट गुण भी होते हैं जिनसे शरीर को कई प्रकार के लाभ मिल सकते हैं।
Health Tips: संक्रमण से बचाते हुए डायबिटीज-स्ट्रेस कम करने में बेहद फायदेमंद हैं ये इम्युनिटी-बूस्टर पत्तियां
कोरोना जैसे संक्रमण का कम होगा जोखिम
पारंपरिक चिकित्सा में तुलसी को रोगाणुरोधी के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है, शोध बताते हैं कि ये पत्तियां शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने में मददगार हो सकती हैं। ऐसे में कोरोना जैसे संक्रमण से बचाव के लिए इसे इम्युनिटी बूस्टर के तौर पर भी प्रयोग में लाया जा सकता है। शोधकर्ताओं ने ई.कोलाई जैसे संक्रमण के कारण होने वाली समस्याओं में भी तुलसी से लाभ पाया है।
स्ट्रेस और मानसिक स्वास्थ्य में इसके लाभ
तुलसी की पत्तियां मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी हो सकती हैं। तनाव-चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं को दूर करने में तुलसी के लाभ देखे गए हैं। शोधकर्ताओं ने पाया कि तुलसी का रोजाना सेवन करने वाले लोगों में मानसिक स्वास्थ्य विकारों के विकसित होने का खतरा भी कम होता है। सोचने और तर्क करने की क्षमता बढ़ाने के साथ आयु से संबंधित याददाश्त की समस्या को रोकने में भी इससे लाभ पाया जा सकता है।
ब्लड शुगर रहता है कंट्रोल
पारंपरिक चिकित्सा में रक्त शर्करा के स्तर को प्रबंधित करने में तुलसी के सेवन की सलाह दी जाती रही है। पशुओं पर 2019 के एक अध्ययन में पाया गया कि तुलसी की पत्तियों का अर्क शुगर लेवल को कंट्रोल करने में लाभकारी हो सकता है। तुलसी के पत्ते हाई ब्लड शुगर के दीर्घकालिक प्रभावों का इलाज करने में भी मदद कर सकते हैं। डायबिटीज वालों के लिए रोजाना इसके सेवन को लाभकारी पाया गया है क्योंकि इससे संक्रमण का खतरा भी कम होता है।
हृदय स्वास्थ्य को मिलता है लाभ
साल 2011 के समीक्षा अध्ययनों के निष्कर्ष से पता चलता है कि तुलसी के सेवन से उच्च रक्तचाप को कम करने में लाभ पाया जा सकता है। तुलसी के अर्क में यूजेनॉल नामक यौगिक पाए जाते हैं जो रक्तचाप को बढ़ने से रोकने में लाभकारी हैं। ब्लड प्रेशर कम रहना हृदय स्वास्थ्य के लिए आवश्यक माना जाता है। हालांकि यह लंबे समय तक कितनी प्रभावी औषधि हो सकती है, इसकी पुष्टि के लिए पर्याप्त अध्ययन नहीं हैं।
--------------
स्रोत और संदर्भ:
Tulsi - Ocimum sanctum: A herb for all reasons
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।