स्किन एलर्जी की समस्या काफी सामान्य है, गर्मी के दिनों में तो इसका जोखिम और भी बढ़ जाता है। त्वचा पर होने वाली यह एलर्जी किसी भी चीज से हो सकती है, जैसे धूप, धूल, प्रदूषण या फिर कास्मेटिक उत्पाद आदि। मेडिकल की भाषा में समझें तो त्वचा की एलर्जी तब होती है जब हमारी प्रतिरक्षा प्रणाली किसी बाहरी एजेंट के खिलाफ प्रतिक्रिया करती है। पर ऐसा नहीं है कि जिस चीज से आपको एलर्जी हो, घर या आसपास को लोगों को भी उससे समस्या हो। हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है और यह अलग-अलग स्थितियों में प्रतिक्रिया कर सकती है।
Skin Allergy: इस मौसम में बहुत आम है त्वचा में जलन-खुजली की समस्या, इन उपायों से आसानी से पा सकते हैं आराम
एलोवेरा का इस्तेमाल
एलोवेरा हर घर में आसानी से उपलब्ध बड़ी ही कारगर औषधि है, जिसके कई तरह के स्वास्थ्य लाभ हैं। डायबिटीज और पेट की बीमारियों के जोखिम को कम करने के साथ एलोवेरा त्वचा की समस्याओं में भी काफी कारगर है। एलोवेरा के जेल को त्वचा पर लगाने से कोशिकाओं को पोषण मिलता है और वह रोगजनकों के खिलाफ आसानी से प्रतिक्रिया कर पाते हैं। त्वचा पर एलोवेरा का जेल लगाने से एलर्जी की समस्या में राहत मिल सकती है।
नारियल का तेल
त्वचा की कई तरह की समस्याओं में नारियल के तेल का उपयोग विशेष लाभप्रद माना जाता है। एलर्जी की समस्याओं को कम करने में भी नारियल का तेल लगाने से लाभ मिलता है। यह त्वचा को कोमल बनाने, रूखेपन और खुजली को कम करने में काफी फायदेमंद है। नारियल का तेल सूजन को कम करके संक्रमण या एलर्जी से राहत दिलाने में फायदेमंद है। स्किन एलर्जी की समस्या में नारियल का तेल लगाकर कुछ समय के लिए छोड़ दें, इससे काफी लाभ मिलता है।
सेब का सिरका
त्वचा की एलर्जी कई बार बैक्टीरिया या वायरस के संपर्क में आने के कारण भी हो सकती है, इस स्थिति में स्किन पर तेज खुजली और दाने हो जाते हैं। इन समस्याओं से बचाव के लिए सेब का सिरका लगाना काफी फायदेमंद हो सकता है। यह त्वचा के पीएच स्तर को संतुलित करती है जिससे प्रतिरक्षा प्रणाली रोगजनकों से
आसानी से मुकाबला कर सके। ध्यान रहे त्वचा पर सेब का सिरका लगाने से पहले इसे पानी में मिलाकर डाइल्यूट कर लें वरना इसके कारण जलन की दिक्कत हो सकती है।
आइस थेरेपी
स्किन एलर्जी के कारण एक्जिमा या चुभन वाले दाने निकलना काफी सामान्य है। इन समस्याओं से बचाव के लिए 10-15 मिनट के लिए आइस पैक से सेकाई करने से लाभ मिलता है। यह त्वचा को सुन्न कर देता है। त्वचा की विषाक्तता को कम करने में भी आइस थेरेपी आपके लिए काफी मददगार हो सकती है। खुजली से तुरंत राहत पाने के लिए यह उपाय आपके लिए काफी मददगार हो सकता है।
विशेषज्ञ कहते हैं, सभी की त्वचा और उसकी संवेदनशीलता का स्तर अलग होता है, ऐसे में जरूरी नहीं है कि जिस उपाय से किसी को लाभ मिला हो उससे आपको भी मिले। किसी भी घरेलू उपाय को प्रयोग में लाने से पहले चिकित्सक से सलाह जरूर ले लें।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।