क्या आपके ब्लड टेस्ट में भी बार-बार खून की कमी आ रही है? लगातार थकान-कमजोरी और सुस्ती बनी रहती है? अगर हां तो आपको अपने खान-पान के साथ-साथ दिनचर्या और शरीर की स्थिति पर फिर से गौर करने की जरूरत है। शरीर में आयरन की कमी होने पर हीमोग्लोबिन का उत्पादन घट जाता है, जिससे एनीमिया की स्थिति पैदा हो सकती है। भारतीय महिलाओं में ये समस्या काफी आम है, करीब 57% महिलाएं एनीमिया का शिकार देखी जा रही हैं।
सेहत की बात: आयरन से भरपूर खाना खाने के बाद भी क्यों नहीं बढ़ रहा हीमोग्लोबिन? ये हो सकते हैं कारण
आयरन से भरपूर खाना खाने के बावजूद खून की कमी रह सकती है क्योंकि शरीर आयरन को पर्याप्त मात्रा का अवशोषण नहीं कर पाता। चाय-कॉफी, कैल्शियम, कुछ दवाएं, आंतों की बीमारी और लगातार रक्तस्राव इसकी वजह हो सकते हैं। बार-बार हीमोग्लोबिन कम होने पर असली कारण की जांच जरूरी है।
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, कई बार समस्या खाने में आयरन की मात्रा से ज्यादा उसके शरीर में पहुंचने और इस्तेमाल होने की होती है। शरीर खाने से मिलने वाले पूरे आयरन को अवशोषित नहीं कर पाता। कुछ खाद्य पदार्थ आयरन के अवशोषण को कम कर सकते हैं। वहीं पेट और आंतों से जुड़ी कुछ समस्याएं भी आयरन के सही तरीके से उपयोग में बाधा बन सकती हैं।
शरीर से लगातार ब्लीडिंग जैसे ज्यादा मासिक धर्म या शरीर के अंदर रक्तस्राव भी आयरन की कमी का बड़ा कारण हो सकता है। इसलिए केवल आयरन वाली चीजें बढ़ा देना हर बार पर्याप्त नहीं होता।
आयरन का सही से इस्तेमाल होना भी जरूरी
आयरन दो तरह का होता है। मांस, मछली और समुद्री भोजन से मिलने वाले आयरन को शरीर अपेक्षाकृत आसानी से अवशोषित कर लेता है। जबकि दाल, चना, बीन्स और प्लांट बेस्ड डाइट से मिलने वाले आयरन को अवशोषित करने के लिए अन्य सहायक की आवश्यकता होती है।
- पौधों से मिलने वाले आयरन के साथ विटामिन-सी वाली चीजें, जैसे नींबू, आंवला, अमरूद और संतरा लेने से इसका अवशोषण बेहतर हो सकता है।
- वहीं चाय-कॉफी में मौजूद कुछ तत्व आयरन के अवशोषण को कम कर सकते हैं। इसलिए आयरन वाला खाना खाने के तुरंत साथ चाय-कॉफी या कैल्शियम सप्लीमेंट लेने से बचना चाहिए।
पेट और आंत की समस्या
अगर भोजन में पर्याप्त आयरन होने के बावजूद, शरीर में आयरन की कमी बनी रहती है तो इसके कारणों को समझना जरूरी है।
- पेट में बनने वाला एसिड आयरन के अवशोषण में भूमिका निभाता है। लंबे समय तक एसिड कम करने वाली कुछ दवाएं लेने से भी कुछ लोगों में आयरन के अवशोषण में समस्या हो सकती हैं।
- आंतों की बीमारियां जिनमें पोषक तत्व ठीक से नहीं अवशोषित हो पाते, ये भी आयरन की कमी का कारण बन सकती हैं।
- इसलिए बार-बार आयरन की कमी होने पर केवल डाइट बदलना पर्याप्त नहीं है। डॉक्टर से मिलकर इसके कारणों को समझिए।
लगातार रहने वाली कमी की वजह समझिए
डॉक्टर कहते हैं, कई बार असली समस्या डाइट में आयरन की कम मात्रा नहीं बल्कि अधिक रक्तस्राव भी हो सकता है। महिलाओं में बहुत ज्यादा या लंबे समय तक होने वाला मासिक धर्म इसका आम कारण है। कुछ मामलों में पेट या आंत से होने वाला रक्तस्राव भी धीरे-धीरे आयरन कम कर सकता है। ऐसी स्थिति में आप आयरन वाली चीजें खाते रहते है फिर भी इसकी कमी हो सकती है। इसलिए लगातार थकान, कमजोरी, चक्कर, सांस फूलना या बार-बार कम हीमोग्लोबिन आने पर कारण की जांच जरूरी है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।