दुनियाभर में हृदय रोग और इससे होने वाली मौत के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। आहार और पोषण विशेषज्ञों के मुताबिक हमारे आहार में शामिल कई चीजें हृदय रोग के खतरे को कम करने में सहायक हो सकती हैं। इसी संबंध में शोध कर रही वैज्ञानिकों की एक टीम में बड़ा दावा किया है। शोधकर्ताओं का कहना है कि रोजाना मूंगफली का सेवन करने वाले लोगों में इस्केमिक स्ट्रोक या हृदय रोग होने का जोखिम कम होता है। जापान के लोगों पर किए गए अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया है कि जो लोग रोजाना मूंगफली खाते हैं उनका हृदय, अन्य लोगों के मुकाबले ज्यादा स्वस्थ बना रह सकता है।
सेहत की बात: मूंगफली खाने वालों में कम होता है इस जानलेवा रोग का खतरा, अध्ययन में दावा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस्केमिक स्ट्रोक का खतरा हो सकता है कम
जापान स्थित यूनिवर्सिटी ग्रेजुएट स्कूल ऑफ मेडिसिन में प्रोफेसर और अध्ययन के प्रमुख लेखक सतोयो इकेहारा कहते हैं, इस अध्ययन में पाया गया है कि मूंगफली के सेवन के कारण इस्केमिक स्ट्रोक का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है। अध्ययन के परिणाम बताते हैं कि मूंगफली को अपने आहार में शामिल करके इस गंभीर समस्या की रोकथाम की जा सकती है। इस्केमिक स्ट्रोक, मस्तिष्क की रक्त वाहिकाओं में रक्त के थक्के बन जाने के कारण होने वाली गंभीर और जानलेवा समस्या है।
हृदय रोग में बेहद फायदेमंद है मूंगफली का सेवन
74 हजार से अधिक जापानी पुरुषों और महिलाओं पर किए गए इस अध्ययन में वैज्ञानिकों ने कई स्तर से मंगफूली के सेवन और हृदय रोगों के जोखिमों में कमी की जांच की। तमाम स्तर पर किए गए जांच में वैज्ञानिकों ने पाया कि रोजाना सिर्फ 4-5 मूंगफली खाने से इस्केमिक स्ट्रोक का जोखिम 20 फीसदी और सामान्य स्ट्रोक का जोखिम 16 फीसदी तक कम हो सकता है। इसका अलावा यह हृदय रोग (इसमें स्ट्रोक और इस्केमिक हृदय रोग दोनों शामिल हैं) के जोखिम को 13 फीसदी तक कम कर सकती है। वैज्ञानिकों का दावा है कि मूंगफली की कम मात्रा भी हृदय रोगों के जोखिम को घटाने में सहायक हो सकती है।
मूंगफली में होते हैं कई पोषक तत्व
सतोयो इकेहारा कहते हैं, मूंगफली हृदय के स्वास्थ के लिए आवश्यक तमाम पोषक तत्वों से भरपूर होती है। इसमें मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड, पॉलीअनसेचुरेटेड फैटी एसिड, खनिज, विटामिन और डाइड्री फाइबर मौजूद होते हैं। यह सभी पोषक तत्व बैड कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को कम करने के साथ हाई-ब्लड प्रेशर और क्रोनिक इंफ्लामेशन के खतरे को कम कर सकते हैं। इस तरह से स्वाभाविक रूप से हृदय रोगों का जोखिम कम हो जाता है।
नट्स का सेवन सेहत के लिए लाभदायक
हृदय रोगों के खतरे से बचे रहने के लिए अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन हर सप्ताह सभी लोगों को कम से कम पांच दिन 2 बड़े चम्मच की मात्रा में तमाम तरह के नट्स के सेवन की सलाह देता है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के सुझावों के मुताबिक मूंगफली के अलावा, अखरोट, काजू, पेकान, मैकाडामिया और हेज़लनट्स का सेवन भी हृदय रोगों के खतरे को कम करने में काफी सहायक हो सकता है। वैज्ञानिकों का कहना है कि दुनिया में मौत के सबसे बड़े कारणों में से एक हृदय रोगों के खतरे से बचे रहने के लिए सभी लोगों को आहार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
--------------
स्रोत और संदर्भ:
Peanut Consumption and Risk of Stroke and Ischemic Heart Disease in Japanese Men and Women: The JPHC Study
अस्वीकरण नोट: यह लेख अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के जर्नल 'स्ट्रोक' में प्रकाशित अध्ययन के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप अपने चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं।