शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है कि हमारे सभी अंगे निरंतर ठीक तरीके से काम करते रहें। हार्ट से लेकर लंग्स और किडनी से लेकर लिवर तक, सभी अंगों का शरीर में खास काम होता है।
हेल्थ की बात: किडनी में दिक्कत हुई तो पड़ जाएंगे लेने के देने, जानिए आपकी किडनी ठीक है या नहीं?
Chronic Kidney Disease: किडनी की बीमारी शुरुआती दौर में अक्सर बिना लक्षणों के रहती है। हालांकि बीमारी बढ़ने के साथ आपके पैरों में सूजन, पेशाब में झाग, थकान, खुजली और मांसपेशियों में ऐंठन की दिक्कत हो सकती। क्रिएटिनिन और यूरिन एल्ब्यूमिन टेस्ट से किडनी की स्थिति का पता लगाया जा सकता है।
किडनी की बीमारियों का खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, किडनी की बीमारियों में वैसे तो कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिखता, पर कुछ ऐसे संकेत हैं जिनपर सभी लोगों को गंभीरता से ध्यान देते रहना चाहिए। खासकर डायबिटीज और हाई बीपी के मरीजों को अपनी सेहत और किडनी को लेकर और भी अलर्ट रहना चाहिए। आइए जानते हैं कि किडनी की बीमारी के क्या संकेत हैं जिनपर सभी लोगों को ध्यान देते रहना चाहिए?
- किडनी का मुख्य काम खून को फिल्टर करना और शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को पेशाब के जरिए बाहर निकालना है।
- जब किडनी लंबे समय तक ठीक से काम नहीं कर पाती, तो इसे क्रॉनिक किडनी डिजीज कहते हैं। आइए जानते हैं कि शुरुआत में इसकी पहचान कैसे की जाए?
किडनी की बीमारी के क्या संकेत हैं?
किडनी कीबीमारी का असर शरीर पर कई प्रकार से पड़ सकता है।
- जब किडनी अतिरिक्त पानी और नमक बाहर नहीं निकाल पाती, तो पैरों, टखनों और कभी-कभी चेहरे पर सूजन हो सकती है।
- पेशाब में लगातार ज्यादा झाग आना यूरिन में प्रोटीन यानी एल्ब्यूमिन के रिसाव का संकेत हो सकता है।
- रात में बार-बार पेशाब आना कई बार किडनी की समस्याओं का संकेत हो सकती है।
- किडनी की कार्यक्षमता घटने पर शरीर में गंदगी जमा हो सकती है, जिससे कमजोरी और थकान महसूस होती है।
- किडनी की बीमारी बढ़ने पर शरीर में अपशिष्ट पदार्थ जमा होने से मतली और उल्टी की समस्या हो सकती है।
- किडनी की दिक्कतों के कारण शरीर में मिनरल्स और दूसरे पदार्थों का संतुलन बिगड़ने से शरीर में खुजली हो सकती है।
कैसे जानें किडनी ठीक है या नहीं?
अगर आपको किडनी की समस्याएं हैं और इसके लक्षण दिख रहे हैं तो समय रहते डॉक्टर की सलाह लेकर कुछ जांच जरूर करा लें। क्रिएटिनिन और ईजीएफआर जैसे टेस्ट से किडनी की दिक्कत और किडनी की खून फिल्टर करने की क्षमता का पता लग सकता है। यूरिन एल्ब्यूमिन टेस्ट से पेशाब में प्रोटीन की जांच होती है। जिन लोगों को पहले से डायबिटीज, हाई बीपी और परिवार में किडनी की बीमारी की हिस्ट्री रही है उन्हें नियमित रूप से जांच कराते रहना चाहिए।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
