हरी सब्जियों को सेहत को ठीक रखने के लिए बहुत लाभदायक माना जाता है। इनमें तमाम प्रकार के विटामिन्स, मिनरल्स और पोषक तत्व होते हैं जिन्हें कई गंभीर और क्रोनिक बीमारियों के जोखिम को कम करने में कारगर पाया गया है। अगर आप डायबिटीज के शिकार हैं तो कुछ सब्जियां आपके ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल करने और डायबिटीज की जटिलताओं को कम करने में भी फायदेमंद हो सकती हैं। भिंडी ऐसी ही एक सब्जी है जिसे डायबिटिज रोगियों के लिए काफी फायदेमंद पाया गया है।
Nutrition Tips: यह हरी सब्जी डायबिटीज रोगियों के लिए रामबाण, कुछ ही दिनों में कम कर सकती है शुगर लेवल
मधुमेह में करें भिंडी का सेवन
मधुमेह प्रबंधन के लिए भिंडी पर किए गए अनुसंधानों से पता चलता है कि ये ब्लड शुगर के अचानक से बढ़ने के जोखिमों को कम करने में फायदेमंद हो सकती है। चूहों पर किए एक अध्ययन में पाया गया कि भिंडी का पानी, गर्भवती चूहों के रक्त शर्करा के स्तर में कर सकती है।
तुर्की में मधुमेह के इलाज के लिए लंबे समय से भिंडी के भुने हुए बीज का इस्तेमाल किया जाता रहा है। इसके भी रक्त शर्करा को कम करने पर सकारात्मक प्रभाव देखे गए हैं।
मधुमेह में भिंडी क्यों लाभकारी है, इसके लिए इसमें मौजूद कुछ पोषक तत्वों का योगदान पाया गया है।
भिंडी में फाइबर की मात्रा
भिंडी में फाइबर अधिक मात्रा में होती है। आठ मध्यम आकार की फली में 3 ग्राम फाइबर हो सकता है। फाइबर वाली चीजें न सिर्फ पाचन में मदद करती हैं साथ ही भूख की इच्छा को कम करने और लंबे समय पेट भरा रखने में भी इसके लाभ हैं। हाई फाइबर डाइट को मधुमेह रोगियों के लिए भी अच्छा माना जाता। ग्लाइसेमिक इंडेक्स में कम होने के कारण भिंडी इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार करने में फायदेमंद हो सकती है।
डायबिटीज यूके की एक रिपोर्ट में भी भिंडी को एंटी-डायबिटिक गुणों वाला बताया गया है। विट्रो (प्रयोगशाला) और विवो (पशु) अध्ययनों में भिंडी को शक्तिशाली रूप से ब्लड ग्लूकोज-कम करने वाली सब्जी बताया गया है। जर्नल ऑफ़ फ़ार्मेसी एंड बायोएलाइड साइंसेज में प्रकाशित अध्ययन में भारत में शोधकर्ताओं ने पाया कि डायबिटिक चूहों को भिंडी के छिलके और बीज खिलाने से उनके रक्त शर्करा के स्तर में कमी देखी गई।
भिंडी के इन फायदों के बारे में भी जानिए
भिंडी सिर्फ डायबिटीज में ही नहीं शरीर के लिए कई और भी प्रकार से लाभकारी हो सकती है। भिंडी विटामिन-ए और सी के साथ-साथ एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर होती है जो कैंसर, मधुमेह, स्ट्रोक और हृदय रोग जैसी गंभीर स्वास्थ्य स्थितियों के जोखिम को कम करने में मदद करती है। यह मैग्नीशियम का भी अच्छा स्रोत है, जो मांसपेशियों और तंत्रिका के कार्यों को ठीक रखने के साथ और ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने में मददगार हो सकती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।