वजन बढ़ना, मौजूदा समय की सबसे बड़ी स्वास्थ्य चिंताओं में से एक है। इसे तेजी से बढ़ती कई गंभीर और क्रोनिक बीमारियों का कारण भी माना जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को वजन को नियंत्रित में रखने वाले उपाय करते रहने की सलाह देते हैं। कुछ अध्ययनों में विशेषज्ञों ने चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि विशेषतौर पर बच्चों में बढ़ती मोटापे की स्थिति काफी गंभीर हो सकती है, इसपर सभी माता-पिता को ध्यान देते रहने की आवश्यकता होती है। लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के कारण लोगों में वजन बढ़ने की समस्या सबसे अधिक देखी गई है।
सेहत की बात:'कहीं वजन न बढ़ जाए', आप भी इसे लेकर रहते हैं चिंतित? जीवनशैली में ये बदलाव दूर करेंगे आपकी समस्या
क्या कहते हैं स्वास्थ्य विशेषज्ञ?
डॉक्टर्स कहते हैं, वजन बढ़ने की समस्या किसी भी उम्र में हो सकती है और सभी उम्र के लोगों के लिए इसे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के कारक के तौर पर देखा जाता है। यदि आपकी दिनचर्या एक ही जगह पर लंबे समय तक बैठकर काम करते रहने की है या फिर आप फैट वाली चीजों का सेवन अधिक करते हैं, तो इसके कारण खतरा कई गुना तक बढ़ सकता है।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी लोगों को लगातार वजन को कम करने वाले उपाय करते रहना चाहिए, जिससे कि आप किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या से सुरक्षित रह सकें। आइए जानते हैं कि किन आदतों के कारण वजन बढ़ने का जोखिम सबसे अधिक होता है?
जल्दी-जल्दी खाना खाने की आदत
यदि आप भी उन लोगों में से हैं जो देखते ही देखते कुछ मिनटों में ही खाना खा लेते हैं तो यह आदत समय के साथ आपमें वजन बढ़ने का संभावित कारण हो सकती है। सामान्यतौर पर आपके पेट को, मस्तिष्क तक यह संकेत देने में लगभग 20 मिनट का समय लगता है कि आपका पेट भरा हुआ है, इसलिए जल्दी-जल्दी खाने के चक्कर में आपका कैलोरी इनटेक अन्य लोगों की तुलना में अधिक हो सकता है। यह आदत पाचन के लिए भी ठीक नहीं है, हमेशा चबा-चबाकर खाना खाना चाहिए।
पेय पदार्थों को लेकर भी सावधानी बरतें
खाना हो या पीना, एक भी गलत च्वाइस आपके वजन बढ़ने का कारण हो सकती है। विशेषरूप से तरल पदार्थों के सेवन को लेकर सावधानी अवश्य बरतें। दिनभर में कम से कम 3-4 लीटर पानी जरूर पिएं हालांकि अधिक कैलोरी वाली चीजें जैसे स्वीट ड्रिक्स, कोल्ड ड्रिक्स या एनर्जी ड्रिक्स आदि के अधिक सेवन से भी वजन बढ़ने का जोखिम रहता है। इन पेय पदार्थों में ए़डेड शुगर की मात्रा अधिक पाई जाती है जिसके कारण वजन बढ़ सकता है।
नींद की कमी बढ़ा सकती है दिक्कत
नींद की कमी, ग्रोथ हार्मोन के कम होने के साथ कोर्टिसोल के स्तर के बढ़ने के जोखिम को भी बढ़ा देती है, ये दोनों स्थितियां मोटापे का कारण मानी जाती हैं। अध्ययनकर्ताओं ने पाया है कि जिन लोगों की रोजाना रात की नींद पूरी नहीं होती है, उनमें अन्य लोगों की तुलना में वजन बढ़ने का जोखिम कई गुना तक अधिक होता है। नींद न पूरी हो पाने की स्थिति कई तरह की गंभीर और क्रोनिक बीमारियों के जोखिम को भी बढ़ा देती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।