नया साल, नए उमंग-नई उम्मीदें लेकर आता है। यह समय कुछ नए संकल्प लेने का भी है जो आपके जीवन में सकारात्मक रूप से बदलाव लाने में मददगार हो सके। साल 2023 के लिए आपने क्या रेजोल्यूशन लिया? क्यों न इस बार अगले साल में अपनी सेहत को बेहतर-और बेहतर बनाने का रेजोल्यूशन लिया जाए। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जिस प्रकार से हर साल नई-नई बीमारियों से हमारा सामना हो रहा है, ऐसे में जरूरत है कि हम सभी अपने शरीर को मजबूत बनाएं जिससे इस तरह की चुनौतियां का मुकाबला किया जा सके।
New Year Resolutions: ये तीन सुधार आपके जीवन में लाएंगे गजब का बदलाव, कैंसर-हृदय रोग का जोखिम 40% तक होगा कम
सभी लोगों को लेने चाहिए ये तीन संकल्प
सेहत, मौजूदा समय की प्राथमिकता है, ऐसे में इसको लेकर सभी लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इस बार के न्यू ईयर रेजोल्यूशन में हम सभी को शराब-धूम्रपान को बिल्कुल छोड़ने और दिनचर्या में व्यायाम को जरूर शामिल करने का संकल्प लेना चाहिए। मेडिकल साइंस के तमाम अध्ययन बताते हैं कि ये तीन बदलाव न केवल आपके जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने में मदद करेंगे साथ गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाने में भी लाभकारी हो सकते हैं।
धूम्रपान छोड़ने के लाभ
धूम्रपान की आदत छोड़ना आपको कई जानलेवा बीमारियों के खतरे से बचाने में मददगार हो सकता है। धूम्रपान से कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक, फेफड़े के रोग, मधुमेह और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) का जोखिम सबसे अधिक होता है, आप इन बीमारियों के जोखिम को कम कर सकते हैं। फेफड़ों के कैंसर से होने वाली लगभग 80% से 90% मौतों के लिए धूम्रपान को प्रमुख कारण माना जाता है, ऐसे में इससे दूरी बनाना इस जोखिम से आपको बचा सकता है।
शराब छोड़ना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद
शराब की थोड़ी भी मात्रा मानसिक और शारीरिक दोनों प्रकार की सेहत को नकारात्मक तौर से प्रभावित कर सकती है। अध्ययनों के मुताबिक शराब, हाई ब्लड प्रेशर का कारण बनती है, जिससे आपको दिल का दौरा या स्ट्रोक होने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा शराब, हृदय की मांसपेशियों को भी कमजोर करती है। अधिक शराब पीने से लिवर में फैट का निर्माण होने लगता है, जो आगे चलकर गंभीर स्थितियों में लिवर कैंसर के खतरे को बढ़ा सकता है। शराब से दूरी बनाना बहुत आवश्यक है।
नियमित व्यायाम से मिलता है लाभ
व्यायाम से वजन कंट्रोल रहता है, अधिक वजन की समस्या को हृदय रोग-डायबिटीज और कई अन्य क्रोनिक बीमारियों के प्रमुख कारण के रूप में जाना जाता है। नियमित व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाकर मूड को ठीक रखने और ऊर्जा को बढ़ाने में भी मदद मिलती है। व्यायाम, अच्छी नींद को बढ़ावा देता है। जीवनशैली में किया गया यह बदलाव लाइफस्टाइल में गड़बड़ी के कारण होने वाली कई गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने में लाभकारी है।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।