आज के दौर में हमारी जिंदगी इतनी व्यस्त हो गई है कि हमारे पास ठीक से खाने तक का समय नहीं होता। ऐसे में लोग घर के खाने से तो दूर हो ही चुके हैं और वो बाहर के खाने यानी डिब्बे बंद खाने पर काफी निर्भर हो गए हैं। अगर हम यूं कहें कि ये डिब्बा बंद खाना हमारी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है, तो इसमें कुछ गलत नहीं होगा। लेकिन शायद हम ये नहीं जानते कि इस खाने से हमारे शरीर को जरूरी पोषक तत्व तो मिल ही नहीं पाते। साथ ही इस खाने की वजह से हम कई गंभीर बीमारियों के भी शिकार हो सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इस डिब्बे बंद खाने से क्या-क्या बीमारियां हमें हो सकती हैं।
डिब्बा बंद खाना खाने से हो सकती हैं ये बीमारियां, जानें इनसे बचाव के उपाय
डिब्बे बंद खाने का सेवन न करने की सलाह इसलिए भी दी जाती है, क्योंकि इस खाने को डिब्बे के अंदर ज्यादा समय तक ताजा रखने के लिए इसमें कई तरह की अलग-अलग चीजें डाली जाती हैं और इन चीजों का एक नुकसान हाई ब्लड प्रेशर के रूप में हमें हो सकता है। इस खाने में चीनी और नमक की मात्रा भी काफी ज्यादा होती है। ऐसे में अगर आप पहले से हाई ब्लड प्रेशर की बीमारी से जूझ रहे हैं, तो आपको डिब्बे बंद खाने से दूरी बनानी चाहिए, क्योंकि इसका सेवन करना आपकी सेहत पर बुरा असर भी डाल सकता है।
डिब्बे बंद खाने में काफी ज्यादा कैलोरी भी पाई जाती है। इस खाने में फैट काफी ज्यादा होता है और फैट में कार्बोहाइड्रेट या प्रोटीन की तुलना में दोगुनी कैलोरी होती है। जबकि हमारे घरों पर बनने वाला खाना हमारे शरीर को काफी लाभ देता है। डिब्बे बंद खाने की तरह न तो उसमें काफी ज्यादा कैलोरी होती है और न ही वो हमें किसी अन्य तरह से नुकसान पहुंचाता है। इसी वजह से डिब्बे बंद खाने का सेवन काफी कम मात्रा में ही करना हमारे शरीर के लिए फायदेमंद हो सकता है।
डिब्बे बंद खाने को लंबे समय तक ताजा बनाए रखने के लिए उसमें स्टार्च की काफी मात्रा डाली जाती है। इससे खाना काफी समय तक ताजा रहता है और खाने का स्वाद भी बढ़ता है, लेकिन ये हमारे शरीर को नुकसान भी पहुंचा सकता है। दरअसल, स्टॉर्च एक तरह का पॉलीमर है जो ग्लूकोज चैन का एक हिस्सा है। ऐसे में स्टार्च के अधिक होने की वजह से न सिर्फ हमारे शरीर में शुगर लेवल बढ़ने का खतरा रहता है बल्कि, हमारे शरीर में मौजूद टिश्यू को भी ये नुकसान पहुंचाता है।
डिब्बा बंद खाना हमारे दिल को भी नुकसान पहुंचा सकता है। इसमें ट्रांस फैट होता है, जो कि शरीर के कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाता है और ये आगे चलकर दिल की कई समस्याओं को जन्म देने या बढ़ाने का कारण बन सकता है। ऐसे में अगर हमें बीमारियों से बचे रहना है तो डिब्बे बंद खाने की जगह ताजे फल या सब्जियों का सेवन करना चाहिए। लेकिन अगर आप डिब्बे बंद खाने का सेवन करना पूरी तरह नहीं छोड़ सकते, तो कोशिश करें की जिसमें सोडियम कम हो वो ही खाना खाएं।
नोट: यह सलाह केवल आपको सामान्य जानकारी प्रदान करने के लिए दी गई है। आप किसी भी चीज का सेवन या कोई भी घरेलू उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।