हमारे लाइफस्टाइल की कई गड़बड़ आदतें सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा रही हैं। अस्वास्थ्यकर आहार का सेवन हो या शारीरिक निष्क्रियता, ये शरीर के लिए कई प्रकार से हानिकारक हो सकती हैं। अध्ययन में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया, हम में से ज्यादातर लोग लंबे समय तक बैठकर काम करते रहने की आदत के शिकार हो गए हैं, जिससे होने वाले कई दुष्प्रभावों को लेकर अक्सर सचेत किया जाता रहा है। यह एक आदत शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की समस्याओं को बढ़ाती हुई देखी जा रही है।
Alert: लंबे समय तक बैठे रहते हैं तो डिमेंशिया रोगियों जैसा हो सकता है आपका दिमाग, इसके और भी कई दुष्प्रभाव
यह आदत आपके मस्तिष्क की सेहत के लिए ठीक नहीं
ज्यादा देर तक बैठे रहने की आदत सिर्फ शारीरिक समस्याएं ही नहीं बढ़ाती है इसके कारण मस्तिष्क पर भी दुष्प्रभाव हो सकते हैं। शोधकर्ता कहते हैं, ऐसे लोगों का दिमाग कुछ समय में बिल्कुल उसी प्रकार का होने लगता है जैसा अक्सर डिमेंशिया के मरीजों का देखा जाता रहा है। इसी से संबंधित एक अध्ययन के अनुसार लंबे समय तक बैठे रहना दिमाग के लिए हानिकारक हो सकता है।
यूसीएलए के शोधकर्ताओं ने बताया कि यह आदत ब्रेन के उस हिस्से को सबसे ज्यादा प्रभावित करती हुई देखी गई है जो नई यादों को संरक्षित करने के लिए आवश्यक होती है।
बढ़ सकता है वजन
यदि आप लंबे समय तक बैठकर काम करते रहते हैं, टीवी देखते हैं या फिर घंटों तक वेब सर्फ करते हैं तो ये आपके फिटनेस के लिए ठीक नहीं है। आपके अधिक वजन या मोटापे से ग्रस्त होने की अधिक आशंका है। कंप्यूटर पर लंबे समय तक बैठे रहते हैं तो इसका दोगुना साइड इफेक्ट है, बैठे रहने के दुष्प्रभावों के साथ आपका स्क्रीन टाइम भी बढ़ता है जिसे भी अध्ययनों में वजन बढ़ाने वाला बताया गया है।
डायबिटीज के हो सकते हैं शिकार
पूरे दिन बैठे रहते हैं, तो इसकी अधिक आशंका है कि आप डायबिटीज के भी शिकार हो सकते हैं। यह केवल इसलिए नहीं है क्योंकि आप कम कैलोरी बर्न कर पाते हैं, डायबिटीज की जटिलताओं का एक कारण वजन बढ़ना भी माना जाता है। डॉक्टरों का कहना है कि बैठे रहने की आदत आपके शरीर में इंसुलिन के प्रति प्रतिक्रिया करने के तरीके में भी बदलाव कर सकती है, जिससे न सिर्फ मधुमेह का जोखिम बढ़ता है, यदि आप पहले से ही डायबिटिक हैं तो ये आपकी जटिलताओं को और भी बढ़ा सकती है।
आप डीवीटी के हो सकते हैं शिकार
डीवीटी यानी डीप वेन थ्राम्बोसिस, पैरों में रक्त का थक्का बनने की समस्या है। यह गंभीर हो सकती है अगर थक्का टूट कर आपके फेफड़ों में फंस जाए। डीबीटी के कारण आपको पैरों में सूजन और दर्द जैसी दिक्कतें हो सकती है। डीबीटी के अलावा यह आदत पैरों में दर्द और रक्त संचार को प्रभावित करने का भी कारण बन सकती है जिसका सीधा असर आपकी क्वालिटी ऑफ लाइफ पर होता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।