कोरोना संक्रमण ने वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को गंभीर रूप से प्रभावित किया। बड़ी संख्या में लोग संक्रमण की चपेट में आए जिनमें से कुछ लोगों में गंभीर रोगों के मामले भी देखे गए। महामारी लाखों लोगों की मौत का भी कारण बनी। वर्तमान में दुनियाभर में संक्रमण की रफ्तार काफी कंट्रोल में है, हालांकि अब भी लॉन्ग कोविड की समस्या स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है।
Covid Study: कम हो गया संक्रमण पर अब भी नहीं गए इसके दुष्प्रभाव, एक साल बाद भी देखी जा रही हैं ये दिक्कतें
अब भी बनी हुई है गंध या स्वाद में कमी
द लेरिंजोस्कोप जर्नल में छपी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कोविड की दूसरी-तीसरी लहर के दौरान संक्रमण की चपेट में आए लाखों अमेरिकी अभी भी स्वाद या गंध न आने की समस्या से परेशान हैं। साल 2021 में लगभग 36 मिलियन (3.6 करोड़) लोगों में पोस्ट कोविड की समस्याओं का निदान किया गया था, जिनमें से 60% में गंध या स्वाद में कमी की शिकायत थी।
अध्ययन में कहा गया है कि अधिकांश लोगों में समय के साथ ये लक्षण ठीक हो गए हैं, लेकिन लगभग 24% लोग ऐसे हैं जिनमें अभी भी ये दिक्कतें बनी हुई हैं।
तीन फीसदी लोगों में कोई भी रिकवरी नहीं
अध्ययन की रिपोर्ट के मुताबिक पोस्ट कोविड की समस्या वाले करीब 3% लोग ऐसे भी हैं जिनमें अभी तक कोई भी रिकवरी नहीं हुई।
शोधकर्ताओं ने 2021 में कोविड-19 से पीड़ित 30,000 वयस्कों के डेटा का अध्ययन किया। इसके अनुसार जिन रोगियों में संक्रमण के अधिक गंभीर लक्षण थे, उनके पोस्ट कोविड समस्याओं के ठीक होने की संभावना कम देखी जा रही है या फिर ऐसे लोगों में रिकवरी का समय अधिक है। कुछ रोगियों ने बताया कि उन्हें भूख कम लगती है क्योंकि वे भोजन को सूंघ नहीं सकते। कई रोगियों ने कहा कि अब भी उन्हें गैस-धूम्रपान, खराब भोजन को सूंघने में दिक्कत हो रही है।
क्या कहते हैं अध्ययनकर्ता?
अध्ययन के लेखकों में से एक और ओटोलरींगोलोजी के प्रोफेसर नील भट्टाचार्य कहते हैं, बहुत से लोग एक साल या इससे अधिक समय बीत जाने के बाद भी अभी तक पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं। अनुमान है कि 6 मिलियन लोगों में अभी भी पोस्ट कोविड के कई लक्षण बने हुए हैं। यदि आप अपनी गंध की क्षमता खो चुके हैं, तो क्या आप इसे वापस प्राप्त कर चुके हैं? चार में से एक में इसके कभी न ठीक हो पाने की आशंका देखी जा रही है।
प्रो. भट्टाचार्य कहते हैं, अगर आपमें भी पोस्ट कोविड के कोई भी लक्षण हैं, तो अपने डॉक्टर को जरूर देखना चाहिए। लंबे समय तक रहने वाले कई लक्षणों पर अगर समय रहते ध्यान न दिया गया तो संभव है कि ये कभी ठीक ही न हों। ये गंभीर दुष्प्रभाव हैं जिसको लेकर हम सभी को अलर्ट रहने की आवश्यकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।