देशभर में पिछले कुछ हफ्तों से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। अप्रैल के दूसरे हफ्ते में ही पारा 40 को पार करने लगा है। शुक्रवार (11 अप्रैल) को तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमानों के मुताबिक इस बार की गर्मी पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड्स तोड़ सकती है।
Heatwave: बढ़ती गर्मी कहीं बिगाड़ न दे तबीयत, जानिए लू से बचे रहने के लिए रोज कितना पानी पीना चाहिए
गर्मी के दिनों में हीटस्ट्रोक होने का खतरा काफी बढ़ जाता है। इससे बचे रहने के लिए सबसे जरूरी है धूप के संपर्क में आने से बचना और दिनभर में खूब पानी पीते रहना। इन दिनों लू से बचे रहने के लिए रोज कितना पानी पीना चाहिए?
गर्मियों में तरल पदार्थों का करें अधिक सेवन
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, लू से बचने और डिहाइड्रेशन के खतरे को कम करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है। गर्मियों में शरीर से पसीने के रूप में बहुत सारा पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स निकल जाते हैं, जिससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इस कमी को पूरा करने के लिए सभी लोगों को भरपूर मात्रा में पानी पीते रहने की सलाह दी जाती है।
(ये भी पढ़िए- इस बार गर्मी तोड़ सकती है कई रिकॉर्ड्स, डॉक्टर्स बोले अभी से हो जाइए सावधान)
गर्मियों में बढ़ जाता है डिहाइड्रेशन का खतरा
गर्मी में शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए आपको अधिक पसीना आता है और पसीने के माध्यम से शरीर से पानी के साथ सोडियम, पोटैशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स भी निकल जाते हैं। जो लोग गर्म वातावरण में या बाहर काम करते हैं जैसे मजदूर, किसान, पुलिस आदि उन्हें डिहाइड्रेशन को खतरा और अधिक होता है।
यही कारण है कि गर्मी के दिनों में तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाने की सलाह दी जाती है।
शरीर को रोज कितने पानी की जरूरत होती है?
नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज, इंजीनियरिंग और मेडिसिन की रिपोर्ट्स के अनुसार शरीर को स्वस्थ रखने और धूप-लू से बचे रहने के लिए पुरुषों को रोजाना लगभग 3.7 लीटर तरल पदार्थ की जरूरत होती है।
- महिलाओं को लगभग 2.7 लीटर तरल पदार्थ पीने की सलाह दी जाती रही है। इसमें पानी और अन्य तरल पेय शामिल होते हैं।
- हालांकि सभी लोगों को कम से कम 2 से 2.5 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए।
- गर्मियों में चूंकि शरीर से अत्यधिक पानी निकल जाता है इसलिए सभी लोगों को आधे से एक लीटर अधिक पानी पीने की सलाह दी जाती है।
इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति पर भी दें ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं आपको खूब पानी तो पीते ही रहना चाहिए साथ ही शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स और अन्य पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए अन्य तरल पदार्थ भी पीने चाहिए।
- दिन में 8–10 गिलास पानी जरूर पिएं।
- नींबू पानी में थोड़ा नमक और चीनी डालकर पीने से शरीर को ऊर्जा प्राप्त होती है।
- नारियल पानी पीना इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति के लिए सबसे अच्छा तरीका है।
- घर का बना छाछ या लस्सी पिएं।
-------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।