Medically Reviewed by Dr. Rajan Gandhi
जनरल फिजिशियन, चाइल्डकेयर हॉस्पिटल, उजाला सिग्नस हॉस्पिटल
डिग्री- एम.बी.बी.एस, डिप्लोमा सी.एच
अनुभव- 25 वर्ष
देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए तीसरी लहर की चर्चा काफी तेज हो गई है और माना जा रहा है कि यह लहर बच्चों के लिए खतरनाक हो सकती है, क्योंकि अभी उनका वैक्सीनेशन नहीं हो रहा है। अमेरिका में तो तीसरी लहर की शुरुआत हो भी चुकी है, जिसमें कोरोना का डेल्टा स्वरूप बड़ी संख्या में बच्चों को अपना शिकार बना रहा है। अब बच्चों में संक्रमण तेज होता देख डॉक्टर भी सहमे हुए हैं। इसलिए कोरोना से बचने के उपायों का पालन बहुत जरूरी है और साथ ही बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने पर भी लोगों को ध्यान देना चाहिए, ताकि बीमारियों से बचाव हो सके और कोरोना के संक्रमण से भी निपटा जा सके। चूंकि बच्चे खाने-पीने को लेकर बहुत नखरे करते हैं, इस वजह से उन्हें पूरा पोषण नहीं मिल पाता है। इसलिए माता-पिता को बच्चों की डाइट में ऐसी चीजों को जरूर शामिल करना चाहिए, जो पौष्टिक हों और जिनसे इम्यूनिटी को मजबूत किया जा सके।
सलाह: बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाएंगी ये चीजें, उनकी डाइट में जरूर करें शामिल
हरी पत्तेदार सब्जियां खिलाएं
- पत्तागोभी, पालक, ब्रोकली और केल जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों में विटामिन ए, सी, के, कैल्शियम, आयरन, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्च भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इनके सेवन से संक्रमण से लड़ने और इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद मिलती है। बच्चों के आहार में इनको जरूर शामिल करना चाहिए।
खट्टे फल खिलाएं
- संतरा, नींबू और अमरूद जैसे खट्टे फल विटामिन-सी और एंटी-ऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं। नियमित रूप से इनके सेवन से इम्यूनिटी को बढ़ाने में काफी मदद मिलती है। बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी इन खट्टे फलों का सेवन जरूर करना चाहिए।
बच्चों को दूध-दही दें
- दूध और दही में भरपूर मात्रा में प्रोटीन, विटामिन और कैल्शियम, मैग्नीशियम जैसे खनिज पाए जाते हैं, जो बच्चों के शारीरिक विकास और इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं। नियमित रूप से इनके सेवन से बार-बार बीमार होने की संभावना काफी कम हो जाती है।
दाल
- बच्चों को नियमित रूप से दाल जरूर खिलाना चाहिए, क्योंकि यह पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसके सेवन से न सिर्फ शरीर में ऊर्जा का स्तर बढ़ाने बल्कि हड्डियों को मजबूत करने और इम्यूनिटी को बढ़ाने में भी मदद मिलती है।
नोट: डॉ. राजन गांधी अत्यधिक योग्य और अनुभवी जनरल फिजिशियन हैं। इन्होंने कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से अपना एमबीबीएस पूरा किया है। इसके बाद इन्होंने सीएच में डिप्लोमा पूरा किया। फिलहाल यह उजाला सिग्नस कुलवंती अस्पताल, कानपुर में मेडिकल डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन के तौर पर काम कर रहे हैं। यह आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के आजीवन सदस्य भी हैं। डॉ. राजन गांधी को इस क्षेत्र में 25 साल का अनुभव है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।