Medically Reviewed by Dr. Rajan Gandhi
जनरल फिजिशियन, चाइल्डकेयर हॉस्पिटल, उजाला सिग्नस हॉस्पिटल
डिग्री- एम.बी.बी.एस, डिप्लोमा सी.एच
अनुभव- 25 वर्ष
आज को दौर में अधिकतर माता-पिता अपने बच्चों की लंबाई और उसके दुबलेपन से चिंतित रहते हैं और इससे निजात पाने के लिए तरह-तरह के उपाय करते नजर आते हैं। दरअसल, बच्चों की सही तरीके से लंबाई नहीं बढ़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिसमें से एक आनुवंशिक गुण भी होता है। अगर बच्चे के माता-पिता अधिक लंबे नहीं हैं तो इसकी अधिक संभावना रहती है कि बच्चे भी अधिक लंबे नहीं होंगे। इसके अलावा बच्चों की लंबाई और मोटाई उनके खानपान और दिनचर्या पर भी निर्भर करती है। हालांकि मौजूदा दौर में बच्चे ऐसी चीजों का सेवन अधिक मात्रा में करने लगे हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती हैं, जैसे फास्ट फूड। इससे बच्चों में मोटापे की समस्या पैदा हो रही है। इसलिए यह जरूरी है कि आप अपने बच्चों को सिर्फ हेल्दी चीजें ही खिलाएं, जिससे उनका विकास सही तरीके से हो। आइए जानते हैं बच्चों की लंबाई और मोटाई बढ़ाने में कारगर कुछ उपायों के बारे में...
सलाह: बच्चों की लंबाई और मोटाई बढ़ाने में बहुत कारगर हैं ये उपाय, जरूर आजमाएं
पर्याप्त नींद है जरूरी
- पर्याप्त नींद लेना बच्चों के साथ-साथ बड़ों के लिए भी फायदेमंद होता है। इससे बच्चों में तनाव कम होता है, वह स्वस्थ रहते हैं और उनकी लंबाई और मोटाई भी सही तरीके से बढ़ती है। विशेषज्ञ कहते हैं कि कई बार पर्याप्त नींद न लेना बच्चे के विकास पर प्रभाव डालता है। इसलिए ध्यान रखें कि आपका बच्चा 7-8 घंटे की नींद जरूर ले।
बच्चों को संतुलित आहार दें
- बच्चों के सही विकास के लिए उन्हें पोषक तत्वों से भरपूर और संतुलित आहार देना चाहिए। उनकी डाइट में प्रोटीन के साथ-साथ कार्बोहाइड्रेट, फैट और विटामिन को सही मात्रा में शामिल करें। विशेषज्ञ कहते हैं कि दूध, बीन्स, मसूर की दाल, मटर की दाल, पालक, हरे बीन्स जैसे जिंक युक्त आहार बच्चों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बच्चों को स्विमिंग कराएं
- स्विमिंग करना बच्चों की लंबाई पर सकरात्मक प्रभाव डालता है। विशेषज्ञ कहते हैं कि स्विमिंग में शरीर के खिंचाव वाले कई व्यायाम शामिल होते हैं, जिससे बच्चों की लंबाई बढ़ाने में मदद मिलती है। इसका सबसे बड़ा फायदा है कि बच्चे एक्टिव रहते हैं और इसका सीधा असर उनके विकास और लंबाई पर पड़ता है।
बच्चों के विकास में रुकावट डालती हैं ये चीजें
- खाने की खराब आदतें बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डालती हैं। इसलिए बच्चों को ज्यादा चीनी, नमक, कॉफी, फैट युक्त खाद्य पदार्थ नहीं देने चाहिए। इसका प्रभाव उनकी लंबाई और विकास पर भी पड़ता है। इसलिए उनके खानपान और अन्य आदतों के प्रति विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है।
नोट: डॉ. राजन गांधी अत्यधिक योग्य और अनुभवी जनरल फिजिशियन हैं। इन्होंने कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से अपना एमबीबीएस पूरा किया है। इसके बाद इन्होंने सीएच में डिप्लोमा पूरा किया। फिलहाल यह उजाला सिग्नस कुलवंती अस्पताल, कानपुर में मेडिकल डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन के तौर पर काम कर रहे हैं। यह आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के आजीवन सदस्य भी हैं। डॉ. राजन गांधी को इस क्षेत्र में 25 साल का अनुभव है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।