प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से घर के बुजुर्गों का खास ध्यान रखने को कहा है। इसके साथ ही, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने भी 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को अपना खास ध्यान रखने की अपील की है। साल 2011 की जनगणना के अनुसार देश में करीब 16 करोड़ बुजुर्ग हैं। इसी को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली के विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए कुछ गाइडलाइन तैयार की है, जिसका पालन कर वे इस महामारी के कहर से बच सकते हैं।
बुजुर्गों को महामारी से बचाना है तो रखें इन बातों का ध्यान, ये है स्वास्थ्य मंत्रालय और एम्स का दिशानिर्देश
जरा सी लापरवाही भी न हो
अचानक से बुखार हो रहा है और सांस लेने में तकलीफ के साथ दूसरी स्वास्थ्य संबंधी तकलीफ हो रही है तो जितनी जल्दी हो सके नजदीकी डॉक्टर से मिलें या अस्पताल जाकर जरूरी सलाह लें। डॉक्टर द्वारा बताई गई हर बात को मानें। जरा सी लापरवाही से स्थिति बिगड़ सकती है।
बढ़ती गर्मी में खूब पानी पीएं
गर्मी बढ़ रही है। ऐसी स्थिति में शरीर में पानी की कमी न हो इसके लिए भरपूर मात्रा में पानी पीएं। फल या उनके जूस का सेवन करें। हृदय और किडनी रोग से ग्रसित लोग डॉक्टरी सलाह के बाद ही पानी और खाने पीने की चीजों का प्रयोग करें।
इन बीमारियों में अधिक खतरा
- लंबे समय से चल रही सांस संबंधी तकलीफ
- अस्थमा, सीओपीडी, ब्रांकाइटिस, फेफड़े में संक्रमण
- हृदय रोग संबंधी तकलीफ या हार्ट अटैक आ चुका है
- किडनी, लिवर या वायरल हेपेटाइटिस से पीड़ित रोगी
- मधुमेह, हाईपरटेंशन, कैंसर, मस्तिष्क संबंधी रोग
बुजुर्गों की सेवा में लगे लोग भी रहें सतर्क
- बुजुर्ग की मदद करने के बाद हाथों को अच्छे से धोएं
- पास जाने से पहले मास्क लगाएं
- व्हील चेयर इत्यादि को साफ करें
- बुजुर्ग लोगों का हाथ भी बार-बार धुलवाते रहें
- पौष्टिक खाना और समय पर पानी देते रहें
- स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करते रहें
भूल कर भी ये न करें
- बीमार हैं तो बुजुर्ग के पास बिलकुल न जाएं
- घर के बुजुर्ग को सिर्फ बिस्तर पर लेटे न रहने दें
- बिना हाथ धोए बुजुर्गों को छूने से पूरी तरह बचें
- उन्हें बासी खाना और बहुत ठंडी चीज बिलकुल न दें
- बच्चों को बुजुर्गों से दूर रखे अगर वे अक्सर बीमार रहते हैं