बालों के झड़ने-गंजेपन की समस्या समय के साथ बढ़ती जा रही है। कम उम्र, यहां तक कि 20 की उम्र में भी लोग इसका शिकार हो रहे हैं। कहीं आप भी बालों की दिक्कत से परेशान नहीं हैं?
Hair Loss: 20 की उम्र में ही झड़ने लगे बाल, बढ़ रहा है गंजापन? कहीं आपमें इन विटामिन्स की कमी तो नहीं
बालों के झड़ने-गंजेपन की समस्या का इलाज सिर्फ बाहरी तेल या दवाओं से नहीं होता, इसकी जड़ शरीर के अंदर छिपी होती है। खासकर विटामिन्स और मिनरल्स की कमी बालों के झड़ने को बढ़ा सकती है। समस्या का सही कारण पता करना बहुत जरूरी है।
बालों के झड़ने-गंजेपन की समस्या
डॉक्टर कहते हैं, बालों के झड़ने-गंजेपन की समस्या का इलाज सिर्फ बाहरी तेल या दवाओं से नहीं होता, इसकी जड़ शरीर के अंदर छिपी होती है। खासकर विटामिन्स और मिनरल्स की कमी बालों के झड़ने को बढ़ा सकती है।
संतुलित आहार जिसमें सभी जरूरी विटामिन्स शामिल हों, न सिर्फ बालों को गिरने से रोकेगा बल्कि नए बाल उगने में भी मदद करेगा। अगर आपके भी बाल झड़ रहे हैं तो पहले इसके कारणों को जान लीजिए। आइए जानते हैं कि किन विटामिन्स की कमी आपको गंजा बना सकती है?
विटामिन B7 (बायोटिन) बहुत जरूरी
जब भी बालों की बात होती है बायोटिन सबसे ज्यादा चर्चा में रहता है। बायोटिन एक ऐसा विटामिन है जो केराटिन प्रोटीन के निर्माण में सहायक होता है, ये प्रोटीन बालों की संरचना का मुख्य हिस्सा है। अध्ययनों से पता चलता है कि बायोटिन की कमी से बाल पतले और कमजोर होने लगते हैं, जो बाद में गंजेपन का रूप ले सकते हैं।
बायोटिन की पूर्ति के लिए आहार में अंडा, मेवा (बादाम, अखरोट), सीफूड, साबुत अनाज शामिल करें। डॉक्टर की सलाह के आधार पर बायोटिन सप्लीमेंट्स से भी लाभ पाया जा सकता है।
विटामिन-ई की कमी
बालों और त्वचा की तमाम प्रकार की समस्याओं के लिए विटामिन-ई की कमी को प्रमुख माना जाता है। विटामिन ई एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है जो बालों की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाता है। एक अध्ययन में यह पाया गया कि विटामिन-ई वाली चीजों को आहार में शामिल करना या इसके सप्लीमेंट्स लेने वालों में बालों की संख्या में वृद्धि देखी गई।
सूरजमुखी के बीज, बादाम, पालक, एवोकाडो में ये विटामिन पाया जाता है।
विटामिन-डी की कमी से भी हो सकता है गंजापन
विटामिन-डी को आमतौर पर हड्डियों की मजबूती और इम्युनिटी के लिए जरूरी माना जाता रहा है, पर क्या आप जानते हैं कि इसकी कमी आपके बालों के लिए भी समस्या बढ़ाने वाली हो सकती है? कई अध्ययनों में विटामिन डी की कमी और बाल झड़ने के बीच स्पष्ट संबंध पाया गया है। विटामिन डी बालों की विकास को मैनेज करता है और नए हेयर फॉलिकल्स (रोमों) के बनने में मदद करता है। इसकी कमी से बाल पतले होकर झड़ने लग जाते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, किसी भी विटामिन के सप्लीमेंट्स लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें। खुद से सप्लीमेंट्स लेना नुकसानदायक हो सकता है।
--------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।