आमतौर पर 50-55 की आयु को भारत में बुढ़ापे की तरफ बढ़ने वाला माना जाता है। पर क्या आप जानते हैं कि कुछ आदतें आपको समय से पहले ही बुढ़ापा का शिकार बना सकती हैं? जी हां, ये सच है कि हमारी दिनचर्या की कुछ गड़बड़ आदतें और खान-पान में गड़बड़ी का भी त्वचा और लुक पर नकारात्मक असर हो सकता है। इतना ही नहीं आप 40 की उम्र में न सिर्फ 50-60 वालों की तरह दिखने लगते हैं, साथ ही शरीर और मस्तिष्क पर इसका असर हो सकता है।
Health Alert: समय से पहले ही आपको बूढ़ा बना देगी ये आदत, हार्ट अटैक और स्ट्रोक से मौत का भी बढ़ जाता है खतरा
किन आदतों के कारण आप समय से पहले बूढ़े हो सकते हैं इसको लेकर विशेषज्ञों ने अध्ययनों का विश्लेषण किया। इसमें जिस आदत को सबसे बड़ा कारण माना गया है उससे बड़ी संख्या में लोग शिकार हैं?
लंबे समय तक बैठे रहना नुकसानदायक
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने निष्कर्ष में पाया है कि गतिहीन जीवनशैली सभी उम्र के लोगों की सेहत के लिए खतरनाक है। लंबे समय तक बैठे रहने से इसका जोखिम और भी अधिक हो सकता है। ऑफिस जाने वाले लोगों में ये समस्या ज्यादा देखी जाती रही है। दिन के दौरान आप जितना अधिक बैठे रहते हैं, स्वस्थ जीवन के लिए ये उतना ही खतरनाक प्रवृत्ति है।
गतिहीन जीवनशैली के कारण वजन बढ़ने, टाइप-2 डायबिटीज और हृदय रोग विकसित होने का खतरा तो रहता ही है साथ ही इसके कारण आप समय से पहले बुढ़ापे का भी शिकार हो सकते हैं।
हो सकते हैं कई दुष्प्रभाव
वेबएमडी में प्रकाशित एक रिपोर्ट में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि लंबे समय तक बैठे रहने की आदत के कई दुष्प्रभाव हो सकते हैं। जो लोग दिन के अधिकतर समय बैठे रहते हैं उनका दिमाग बिल्कुल डिमेंशिया से पीड़ित व्यक्ति जैसा होने लग जाता है। ज्यादा देर से बैठने से हृदय रोग, मधुमेह, स्ट्रोक, उच्च रक्तचाप और उच्च कोलेस्ट्रॉल का जोखिम भी बढ़ जाता है, जो शरीर को उसी तरह से परिवर्तित कर देती हैं जैसे बुढ़ापे में होता है।
दिनभर चलते-फिरते रहने वाले लोगों की तुलना में अधिकतर समय बैठकर बिताने या गतिहीन जीवनशैली वालों में इस तरह के गंभीर दुष्प्रभाव अधिक देखे जाते रहे हैं।
हृदय रोगों का बढ़ जाता है खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने पाया कि लंबे समय तक बैठे रहने की आदत आपमें समय से पहले हृदय रोगों को बढ़ाने वाली भी हो सकती है। अध्ययन में पाया गया कि जो पुरुष सप्ताह में 23 घंटे से अधिक बैठे रहते हैं उनमें हृदय रोगों के विकसित होने और इससे मृत्यु का जोखिम अन्य लोगों की तुलना में 64 प्रतिशत अधिक हो सकता है। ये दिल का दौरा या स्ट्रोक होने के खतरे को 147 प्रतिशत तक बढ़ाने वाली समस्या हो सकती है।
हृदय रोगों की स्थिति में शरीर कमजोर होने लगता है और इसके दुष्प्रभाव आपमें समय पूर्व बुजुर्ग होने के लक्षण प्रकट कर सकते हैं।
समय से पहले मृत्यु का जोखिम
लंबे समय तक या अक्सर बैठे रहने के कारण शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभाव या समय से पहले बुढ़ापे का जोखिम तो रहता ही है साथ ही ये समय से पहले मृत्यु के खतरे को भी बढ़ाने वाली हो सकती है। इसको समझने के लिए शोधकर्ताओं ने बैठने के समय और गतिविधि के स्तर वाले 13 अध्ययनों का विश्लेषण किया। इसमें पाया गया कि जो लोग बिना किसी शारीरिक गतिविधि के दिन में आठ घंटे से अधिक समय तक बैठे रहते हैं, उनमें मोटापा और समय से पहले मृत्यु का कारण बनने वाली बीमारियों का जोखिम अधिक हो सकता है।
--------------
स्रोत और संदर्भ
Long sitting linked to an early death
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।