स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने में आहार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। हम जिस तरह की चीजों का सेवन करते हैं शरीर पर उसका सीधा असर होता है। यही कारण है कि सभी लोगों को पौष्टिक और स्वस्थ आहार के अधिक से अधिक सेवन की सलाह दी जाती है। हाल के वर्षों में लोगों में कई तरह की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के मामले तेजी से बढ़ते हुए देखे गए हैं। शोधकर्ताओं का मानना है कि यदि अकेले हम अपने आहार में ही सुधार कर लें तो कई सारी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से आसानी से बचाव किया जा सकता है। हरी पत्तेदार सब्जियों को आहार में शामिल करना आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
World Cancer Day: आहार में कर लें बस यह एक बदलाव, हृदय रोग और कैंसर जैसी समस्याएं रहेंगी दूर
मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी
हरी पत्तेदार सब्जियों और साग का सेवन करना मानसिक स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। इसमें भी पालक का सेवन करना विशेष लाभदायक माना जाता है। पालक में आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस, फोलिक एसिड और कैल्शियम सहित कई विटामिन और पोषक तत्व होते हैं। साल 2016 में अध्ययनों की समीक्षा से पता चलता है कि पालक अल्जाइमर रोग को बढ़ने से रोकने में मदद कर सकता है। इसमें कैरोटेनॉयड्स भी होते हैं, जिसे आंखों की बीमारियों को रोकने और आंखों के स्वास्थ्य को बनाए रखने में मददगार माना जाता है।
कैंसर का खतरा होगा कम
हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन कैंसर जैसे रोगों के विकास को कम करने में सहायक माना जाता है, इसके लिए पत्तागोभी सबसे लाभदायक विकल्प हो सकता है। पत्तागोभी में सल्फोराफेन होता है, यह यौगिक कैंसर के जोखिम को कम कर सकता है। साल 2019 के एक अध्ययन से पता चलता है कि सल्फोराफेन, स्तन कैंसर के जोखिम को कम कर सकता है। यह कैंसर के इलाज के लिए प्रयोग में लाई जाने वाली रेडिएशन थेरपी के दौरान कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव क्षति से भी बचाने में भी सहायक है।
हृदय रोगों का खतरा होता है कम
हरी पत्तेदार साग, वसा में कम और डाइट्री फाइबर में उच्च होते हैं। इसके अलावा इसमें फोलिक एसिड, पोटेशियम, मैग्नीशियम, विटामिन सी और फाइटोकेमिकल्स भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। अध्ययनों से पता चलता है कि प्रतिदिन हरी पत्तेदार चीजों को आहार में शामिल करके हृदय रोग के जोखिम को 11 फीसदी तक कम किया जा सकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।