दूध को संपूर्ण आहार माना जाता है, इसमें शरीर के लिए आवश्यक अधिकतर पोषक तत्व समाहित होते हैं। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को नियमित रूप से दूध के सेवन की सलाह देते हैं। पर क्या आप जानते हैं कि सामान्य दूध की तुलना में गोल्डन मिल्क का सेवन करना आपको और भी कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ प्रदान कर सकता है। गोल्डन मिल्क यानी कि हल्दी वाले दूध को विशेषज्ञ कई प्रकार से शरीर के लिए लाभकारी मानते हैं। अध्ययनों में इसे पोषण का पावरहाउस माना जाता है यह शरीर को संक्रमण से मुक्त रखने के साथ कई प्रकार की बीमारियों से भी सुरक्षित रखता है।
काम की बात: बेहतर सेहत की चाभी है 'गोल्डन मिल्क', इम्युनिटी बढ़ाने से लेकर अच्छी नींद पाने तक में है मददगार
अच्छी नींद पाने के लिए करें सेवन
गोल्डन मिल्क का सेवन करना आपको अच्छी नींद पाने में मदद कर सकता है। सोने से पहले एक गिलास गर्म हल्दी वाला दूध पीने से आपको अच्छी नींद आने में मदद मिल सकती है। अगर आप अनिद्रा के शिकार हैं या रात में कई बार जाग जाते हैं तो इस तरह की समस्याओं को दूर करने में हल्दी वाले दूध का सेवन फायदेमंद हो सकता है। हल्दी वाला दूध आंतरिक चोट या सूजन को भी ठीक करता है और शरीर को आराम दिलाने में सहायक है।
डायबिटीज रोगियों के लिए फायदेमंद
गोल्डन मिल्क में मौजूद तत्व डायबिटीज के जोखिम को कम करने में आपके लिए सहायक हो सकते हैं। अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए इसमें अदरक और दालचीनी मिलाकर सेवन किया जा सकता है। प्रतिदिन 1-6 ग्राम दालचीनी फास्टिंग शुगर के स्तर को 29% तक कम कर सकती है। इसके अलावा, दालचीनी इंसुलिन प्रतिरोध को कम कर देती है। डायबिटीज के शिकार लोगों के लिए हल्दी वाले दूध का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है।
इंफ्लामेशन और गठिया में लाभकारी
हल्दी वाले दूध में शक्तिशाली एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। क्रोनिक सूजन, मेटाबोलिक सिंड्रोम, अल्जाइमर और हृदय रोग सहित कई बीमारियों के जोखिम को कम करने में इसका सेवन करना विशेष लाभकारी हो सकता है। जिन लोगों को गठिया की समस्या होती है उन्हें इस गोल्डन मिल्क के सेवन से लाभ प्राप्त हो सकता है। शोध से पता चलता है कि अदरक, दालचीनी और करक्यूमिन (हल्दी में मौजूद एक्टिव कंपाउंड) में एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रभावों के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।
मस्तिष्क रहता है स्वस्थ
गोल्डन मिल्क आपके दिमाग के लिए भी अच्छा होता है। अध्ययनों से पता चलता है कि करक्यूमिन, ब्रेन-ड्राइब्ड न्यूरोट्रॉफिक फैक्टर (बीडीएनएफ) के स्तर को बढ़ा देता है। बीडीएनएफ एक यौगिक है जो आपके मस्तिष्क को नए कनेक्शन बनाने और मस्तिष्क कोशिकाओं के विकास को बढ़ावा देने में मदद करता है। बीडीएनएफ के स्तर में कमी अल्जाइमर रोग के जोखिम को बढ़ा देती है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।