हरे भरे पेड़ पौधे सभी को अच्छे लगते हैं। अपनी व्यस्त दिनचर्या में से थोड़ा समय अगर आप भी बागवानी को देते हैं तो ये एक अच्छा संकेत है। शोध बताते हैं कि जिनका शौक बागवानी करना होता है उनकी मानसिक सेहत अच्छी रहती है। ऐसे लोग ज्यादा शांत और दिमागी रुप से मजबूत होते हैं। साथ ही उनकी निर्णय लेने की क्षमता भी अद्भुत होती है। ऐसे ही कुछ तथ्य बताते हैं कि बागवानी दिमागी सेहत के लिए और कैसे लाभदायक हो सकती है।
स्वीकार करने की क्षमता
आज के युवावर्ग की आदत होती है कि वो सब कुछ अपने मन मुताबिक चाहते हैं। लेकिन जब ऐसा नहीं होता है तो फिर गुस्सा और नाराजगी जैसी भावना पनपती है। बागवानी करने से पता चलता है कि कैसे प्रकृति किसी की इच्छा पर नहीं चलती। पेड़ पौधों को देखभाल करके, पानी देकर उनके उगने का इंतजार करने से आपको परिस्थितियों को स्वीकार करने की समझ आती है।
सब कुछ बिल्कुल सही हो ऐसा जरुरी तो नहीं
बहुत लोगों की आदत होती है तय समय में अपने काम निपटाने की। लेकिन बागवानी करने से एहसास होगा कि सब कुछ हमेशा तय समय पर नहीं हो सकता। आप सोचेंगे की किसी पौधे में एक महीने में फूल खिल जाएंगे। लेकिन अगर ऐसा न हो तो आपको ये समझने में आसानी होगी कि खूबसूरती हमेंशा तय समय में पूरे किए गए काम में नहीं होती है।
बागवानी सिखाती है लोगों के साथ घुलना मिलना
बाग बगीचों की देखभाल करने के दौरान आपको सामाजिक होने का भी मौका मिलता है। बागवानी के दौरान आपका मन प्रसन्न रहता है और आप लोगों से ज्यादा जल्दी घुलते मिलते हैं। बागवानी दिमाग को शांत रखने में मदद करती है।
चिंता और अवसाद को करती है दूर
प्रकृति के करीब रहने से मन शांत होता है, ये तो सभी जानते होंगे। जब आप बागवानी करते हैं तो मन प्रसन्न होता है और चिंताएं और अवसाद को मिटाने में मदद मिलती है।