डायबिटीज को कभी उम्र बढ़ने के साथ होने वाली बीमारी माना जाता था, लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है। कम उम्र में भी ब्लड शुगर बढ़ने और डायबिटीज का खतरा देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, इसका सबसे बड़ा कारण लोगों की गड़बड़ जीवनशैली है। घंटों बैठे रहना, शारीरिक गतिविधि कम होना, नींद पूरी न होना और खानपान में लापरवाही जैसी आदतें मेटाबॉलिज्म पर असर डालती हैं और शरीर में फैट को बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
डायबिटीज का खतरा: खाने के बाद क्यों बढ़ जाता है शुगर लेवल, कैसे करें इसे कंट्रोल? जानिए सबकुछ
भोजन के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है, खासकर डायबिटीज या प्रीडायबिटीज वाले लोगों में जोखिम और ज्यादा देखा जाता रहा है। ऐसे में खाने के बाद थोड़ी देर चलना मांसपेशियों को ग्लूकोज इस्तेमाल करने में मदद कर सकता है। कुछ शोध बताते हैं कि छोटी अवधि की वॉक भी भोजन के बाद ब्लड शुगर बढ़ने को नियंत्रित करने में मददगार हो सकती है।
खाना खाने के तुरंत बाद वॉक से मिल सकता है लाभ
अध्ययनों में पाया गया है कि भोजन के बाद हल्की शारीरिक गतिविधि खासकर वॉक, शरीर को ग्लूकोज का इस्तेमाल करने में मदद कर सकती है और खाने के बाद ब्लड शुगर में होने वाली बढ़ोतरी को कम करने में मदद मिल सकती है।
- स्पोर्ट्स मेडिसिन जर्नल में प्रकाशित एक बड़े सिस्टेमैटिक रिव्यू और मेटा-एनालिसिस से पता चलता है कि खाना खाने के तुरंत बाद सिर्फ 3 मिनट की हल्की फुल्की वॉक या सीढ़ियां चढ़ना आपके ब्लड शुगर लेवल को अचानक बहुत तेजी से बढ़ने से रोक सकता है।
- इसके लिए आपको जिम जाने या भारी एक्सरसाइज करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।
अध्ययन में क्या पता चला?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आमतौर पर जब हम कुछ खाते हैं, तो हमारे शरीर को ब्लड शुगर पचाने के लिए इंसुलिन नामक हार्मोन की जरूरत होती है, लेकिन जब हमारी मांसपेशियां सिकुड़ती हैं (जब हम हिलते-डुलते या चलते हैं), तो वे बिना इंसुलिन के ही खून से सीधे ग्लूकोज (शुगर) सोखना शुरू कर देती हैं।
इसी साल हुए मेडिकल ट्रायल में 30 वयस्कों को शामिल किया गया। उन्हें 75 ग्राम ग्लूकोज वाला ड्रिंक दिया गया।
- खाना खाने के बाद सिर्फ बैठे रहने पर लोगों का ब्लड शुगर 4.3 मिलीमोल प्रति लीटर बढ़ गया।
- वहीं, जिन्होंने अपनी मर्जी की सामान्य स्पीड से सिर्फ 1 मिनट सीढ़ियां चढ़ीं उनका ब्लड शुगर सिर्फ 2.5 मिलीमोल प्रति लीटर बढ़ा, यानी शुगर स्पाइक में 42% की बड़ी कमी आई।
ग्लूटो-4 ट्रांसपोर्टर सक्रिय हो सोख लेता है शुगर
दरअसल शरीर में ग्लूटो-4 नाम का एक ट्रांसपोर्टर होता है, जो मांसपेशियों के हिलने-डुलने पर तुरंत एक्टिव हो जाता है और शुगर को सोख लेता है। यही कारण है कि जिन लोगों का इंसुलिन सिस्टम ठीक से काम नहीं करता उनके लिए भी खाना खाने के बाद चलना तुरंत जादू की तरह काम करता है। खास तौर पर डायबिटीज के मरीजों पर यह तरीका बहुत कारगर है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।