फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

‘स्की-स्लोप मेथड’: क्या घर में अक्सर बिखरा रहने वाला सामान बढ़ा रहा है आपका तनाव? कैसें पाएं इससे आराम

Sat, 12 Sep 2026 04:47 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव दीपिका शर्मा, अमर उजाला, नई दिल्ली
दीपिका शर्मा, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अभिलाष श्रीवास्तव Updated Sat, 12 Sep 2026 04:47 PM IST
सार

बिखरे हुए कमरे में हर वस्तु को लेकर निर्णय लेना पड़ता है। ‘इसे कहां रखना है’, ‘संभालकर रखना है या हटाना है’ ये सारे निर्णय मानसिक थकान बढ़ाते हैं। ‘स्की-स्लोप मेथड’ में पूरे कमरे को एक साथ देखने के बजाय छोटे हिस्से पर ध्यान दिया जाता है। 

विज्ञापन
what is ski slope method and how it affects our mental health
मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं - फोटो : Freepik.com

क्या घर की सफाई करते-करते आप भी थक जाती हैं और कुछ ही दिनों में कमरा फिर बिखरा हुआ नजर आने लगता है? अगर हां, तो ऐसी समस्या हमेशा आलस्य की वजह से नहीं होती। कई बार जरूरत से ज्यादा अव्यवस्था दिमाग पर इतना बोझ डाल देती है कि समझ ही नहीं आता कि शुरुआत कहां से करें। यही स्थिति ‘कॉग्निटिव ओवरलोड’ कहलाती है।



ऐसे में ‘स्की-स्लोप मेथड’ आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। जिग-जैग स्कीइंग से प्रेरित यह तरीका कमरे को छोटे हिस्सों में बांटकर क्रमवार व्यवस्थित करने पर जोर देता है। इससे सफाई का काम आसान लगता है और घर के साथ-साथ मन को भी सुकून मिलता है।

what is ski slope method and how it affects our mental health
मेंटल हेल्थ - फोटो : freepik.com

यह आलस्य नहीं है

रौनक और टीना का दांपत्य जीवन सुखद है, लेकिन घर की अव्यवस्था अक्सर लड़ाई का कारण बन जाती है। दोनों छुट्टी वाले दिन घर को संवारते हैं, लेकिन सप्ताह के अंत तक वह फिर बिखर जाता है। यह बिखराहट दोनों को मानसिक तनाव दे रही है। ऐसे में इस तनाव को कम करने का तरीका उन्हें मनोवैज्ञानिक दोस्त ने सुझाया, जो है- ‘स्की-स्लोप मेथड’।

यह सिर्फ टीना की कहानी नहीं, बल्कि आम जिंदगी से जुड़ी समस्या है। मनोवैज्ञानिक कहते हैं कि बिखरा कमरा हमेशा आलस्य का संकेत नहीं होता, बल्कि ‘कॉग्निटिव ओवरलोड’ का परिणाम भी हो सकता है।

छोटे हिस्सों में करें काम

बिखरे हुए कमरे में हर वस्तु को लेकर निर्णय लेना पड़ता है। ‘इसे कहां रखना है’, ‘संभालकर रखना है या हटाना है’ ये सारे निर्णय मानसिक थकान बढ़ाते हैं। ‘स्की-स्लोप मेथड’ में पूरे कमरे को एक साथ देखने के बजाय छोटे हिस्से पर ध्यान दिया जाता है। इससे एक समय में कम चीजों को लेकर निर्णय लेना पड़ता है और ध्यान भी एक सीमित क्षेत्र पर ही केंद्रित रहता है।

खुद को दें छोटी-छोटी जीत

पूरे कमरे को एक साथ साफ करने का लक्ष्य कई बार बहुत बड़ा और मुश्किल लग सकता है। इसके बजाय शुरुआत सिर्फ बेड, स्टडी टेबल, अलमारी के एक हिस्से या कमरे के किसी छोटे कोने से करें। जब एक छोटा हिस्सा पूरी तरह व्यवस्थित हो जाता है, तो उसका परिणाम तुरंत नजर आता है। यह दिखाई देने वाली प्रगति आपको अच्छा महसूस कराती है और अगले हिस्से को व्यवस्थित करने के लिए प्रेरित करती है। छोटी-छोटी उपलब्धियां काम को बोझ के बजाय आसान और संतोषजनक बना सकती हैं।

what is ski slope method and how it affects our mental health
मेंटल हेल्थ की समस्याएं - फोटो : Freepik.com

एक समय में एक ही जगह पर दें ध्यान

इस तरीके का सबसे महत्वपूर्ण नियम है- एक हिस्से पर काम करते समय बाकी अव्यवस्था को नजरअंदाज करें।  मान लीजिए आप स्टडी टेबल व्यवस्थित कर रही हैं और पास में बिखरी अलमारी भी नजर आ रही है। उस समय अलमारी की चिंता छोड़ दें। पहले स्टडी टेबल का काम पूरा करें और उसके बाद अगले हिस्से पर जाएं। इससे आपका ध्यान बार-बार दूसरी जगह नहीं भटकेगा और एक काम पूरा करने का संतोष भी मिलेगा।

ऐसे अपनाएं ‘स्की-स्लोप मेथड’
 

  • सबसे पहले पूरे कमरे को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें।
  • शुरुआत ऐसे हिस्से से करें, जिसे जल्दी व्यवस्थित किया जा सके।
  • एक समय में केवल उसी हिस्से पर ध्यान दें।
  • गैरजरूरी सामान अलग करें और जरूरी चीजों को उनकी तय जगह पर रखें।
  • एक हिस्सा पूरी तरह व्यवस्थित होने के बाद ही अगले हिस्से पर जाएं।
  • पूरे कमरे को एक साथ साफ करने का दबाव खुद पर न डालें।
  • रोजाना कुछ मिनट इस तरीके से सफाई के लिए निकालें, ताकि अव्यवस्था दोबारा फैले।



साफ कमरा, शांत दिमाग

अव्यवस्था सिर्फ कमरे का रूप नहीं बिगाड़ती, बल्कि लगातार सामने रहने पर मानसिक दबाव भी महसूस करा सकती है। इसके विपरीत, साफ और व्यवस्थित वातावरण काम पर ध्यान केंद्रित करने में मदद कर सकता है और व्यक्ति को अधिक नियंत्रण व सुकून का अहसास दे सकता है। इसलिए अगली बार जब पूरा कमरा देखकर आपको लगे कि सफाई बहुत बड़ा काम है, तो सब कुछ एक साथ करने की कोशिश न करें। बस एक छोटे हिस्से से शुरुआत करें और धीरे-धीरे आगे बढ़ते जाएं। यही ‘स्की-स्लोप मेथड’ का सरल मंत्र है।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

डॉ. अंजुम मेहदी, (मनोवैज्ञानिक) बताते हैं कि ‘स्की-स्लोप मेथड’ का उद्देश्य तेजी से काम करने के लिए मजबूर करना नहीं, बल्कि काम की शुरुआत को आसान बनाना है। जब कोई बड़ा काम छोटे-छोटे हिस्सों में बंटकर पूरा होता है, तो उपलब्धि का अहसास होता है। इससे मानसिक बोझ कम होता है, कार्य-कुशलता बढ़ती है और काम करने की गति बनती है, यानी लक्ष्य सिर्फ घर साफ करना नहीं, बल्कि काम को इतना छोटा बनाना है कि दिमाग उसे शुरू करने से न हिचकिचाए।



--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें  लाइफ़ स्टाइल से संबंधित समाचार (Lifestyle News in Hindi), लाइफ़स्टाइल जगत (Lifestyle section) की अन्य खबरें जैसे हेल्थ एंड फिटनेस न्यूज़ (Health  and fitness news), लाइव फैशन न्यूज़, (live fashion news) लेटेस्ट फूड न्यूज़ इन हिंदी, (latest food news) रिलेशनशिप न्यूज़ (relationship news in Hindi) और यात्रा (travel news in Hindi)  आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़ (Hindi News)।  

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed