आंखों को ईश्वर का वरदान माना जाता है, इसी अंग की मदद से हम दुनिया के खूबसूरत नजारों का आनंद ले पाते हैं। पर क्या वास्तव में हम आंखों का ठीक से ख्याल रख रहे हैं? डॉक्टर बताते हैं, आंखें शरीर की सबसे संवेदनशील अंग हैं जिनको विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। बाहरी चोट या क्षति से बचाने के साथ आंखों को स्वस्थ रखने के लिए उचित पोषण का ध्यान रखना भी आवश्यक माना जाता है। आंखों की रोशनी को ठीक रखने और इससे संबंधित बीमारियों से बचाव के लिए कुछ विटामिन्स को अध्ययनों में काफी आवश्यक पाया गया है, सभी लोगों को नियमित रूप से आहार के माध्यम से इनका सेवन करना सुनिश्चित करना चाहिए।
Health Tips: आंखों की रोशनी रखनी है तेज तो जरूर करें इन चीजों का सेवन, कई बीमारियों का जोखिम भी होगा कम
मछली खाने से मिलता है लाभ
आंखों को स्वस्थ रखने और इससे संबंधित बीमारियों के जोखिम को कम करने के लिए मछली खाना विशेष लाभकारी हो सकता है। सैल्मन और अन्य मछलियों में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है। ये स्वस्थ वसा का प्रकार है जो रेटिना को स्वस्थ रखने में मदद करती है। आंखों में सूखापन की समस्या के कारण कई तरह की जटिलताओं का जोखिम होता है, इस प्रकार की दिक्कतों को कम करने के लिए भी मछलियों का सेवन करना अच्छा विकल्प हो सकता है। मछली खाने से रोशनी भी बेहतर बनी रहती है।
सूखे मेवे खाएं
नट्स को भी ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर पाया गया है जिसके सेवन से आंखों को स्वस्थ रखना आसान होता है। नट्स में उच्च स्तर का विटामिन-ई होता है, जो आंखों को उम्र से संबंधित क्षति से बचा सकता है। अखरोट, ब्राजील नट, काजू, मूंगफली जैसे नट्स को आहार का हिस्सा बनाकर आंखों के साथ शरीर के अन्य अंगों को भी स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है। अध्ययनों में पाया गया है कि नट्स के सेवन से शरीर के लिए आवश्यक ज्यादातर पोषक तत्व प्राप्त हो सकते हैं।
आंखों के लिए जरूरी है विटामिन-सी
प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूती देने के साथ विटामिन-सी वाली चीजों का सेवन आंखों को स्वस्थ रखने में भी आपके लिए मददगार हो सकता है। खट्टे फल विटामिन-सी से भरपूर होते हैं। विटामिन-ई की तरह ही, विटामिन-सी भी एक एंटीऑक्सिडेंट है जो उम्र से संबंधित आंखों की क्षति से बचाने में आपके लिए मददगार हो सकता है। नींबू,संतरे, अनानास जैसे फलों का सेवन करना शरीर की इम्युनिटी को बढ़ाने के साथ आंखों की रोशनी को ठीक रखने और आंखों की बीमारियों के जोखिम को कम करने में आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकता है।
जरूर खाएं गाजर
आंखों के लिए गाजर का सेवन करना वरदान माना जाता है। गाजर विटामिन-ए और बीटा कैरोटीन दोनों से भरपूर होते है। विटामिन-ए आंखों की रोशनी को ठीक रखने के लिए आवश्यक है। यह रोडोप्सिन नामक प्रोटीन का एक घटक है, जो रेटिना को प्रकाश को अवशोषित करने में मदद करता है। गाजर के जूस का सेवन करना आंखों और त्वचा को स्वस्थ रखने और इससे संबंधित बीमारियों से बचाने में आपके लिए लाभकारी माना जाता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।