अंडे ज्यादातर लोगों के लिए पसंदीदा नाश्ते का विकल्प हैं। इसमें प्रोटीन, विटामिन से लेकर खनिजों तक विभिन्न प्रकार के पोषक तत्व होते हैं जो आपको लंबे समय तक पेट भरा हुआ रखने और शरीर को ऊर्जा देने में मदद करते हैं। आहार विशेषज्ञ बताते हैं, दिन में दो से तीन अंडे खाने से आप शरीर के लिए आवश्यक प्रोटीन की आसानी से पूर्ति कर सकते हैं। इनमें कई प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट्स और यौगिक भी होते हैं जो आपको कई प्रकार की बीमारियों से बचाने में भी मदददगार हो सकते हैं।
Summer Diet: गर्मियों में अंडे खाने चाहिए या नहीं? आहार विशेषज्ञ से जानिए इसके फायदे और नुकसान
क्या कहती हैं आहार विशेषज्ञ?
आहार विशेषज्ञ गरिमा सिंह बताती हैं, गर्मियों के दौरान 'क्या खाना चाहिए' और 'क्या नहीं खाना चाहिए' यह जानना सबसे जरूरी है। इसके साथ ये भी आवश्यक है कि गर्मियों में शरीर को पर्याप्त पोषण और तरल पदार्थ भी प्राप्त होते रहें। अंडों से शरीर के लिए ज्यादातर पोषक तत्वों की आसानी से पूर्ति की जा सकती है। गर्मियों में भी अंडे खाए जा सकते हैं।
जैसा कि हम सभी जानते हैं कि कुछ खाद्य पदार्थ प्रकृति में ठंडे होते हैं जबकि कुछ गर्म, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि विशेष भोजन को विशेष मौसम में ही खाया जाना चाहिए। यह अंडे पर भी लागू होता है।
बहुत ज्यादा अंडे खाने से बचें
गरिमा बताती हैं, आप गर्मी के दिनों में भी अंडे खा सकते हैं, पर इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि कहीं आप ज्यादा मात्रा में तो इसका सेवन नहीं कर रहे हैं?
ज्यादा अंडे खाने से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में चेतावनी देते हुए पोषण विशेषज्ञ कहती हैं, इनका सेवन सही और आवश्यक अनुपात में किया जाना चाहिए। जैसा कि यह पहले से ही स्पष्ट है कि अंडे में गर्मी पैदा करने की प्रवृत्ति होती है। ऐसे में बहुत अधिक अंडे खाने से आंत्र और पाचन तंत्र में समस्याएं हो सकती हैं।
कितने अंडे खाना सुरक्षित?
आहार विशेषज्ञ बताती हैं, रोजाना दो-तीन अंडे का सेवन करना गर्मियों में सुरक्षित माना जाता है, इससे आप शरीर के लिए आवश्यक प्रोटीन और अन्य पोषक तत्व भी प्राप्त कर सकते हैं। दो-तीन अंडे खाने से आप 16-18 ग्राम तक प्रोटीन प्राप्त कर सकते हैं। शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने और आवश्यक पोषक तत्वों के लिए भी ये मात्रा पर्याप्त मानी जाती है।
ज्यादा अंडे खाने के नुकसान
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, अंडों में कोलेस्ट्रॉल की अधिकता होती है। यदि आप अधिक मात्रा में इसका सेवन करते हैं तो इससे शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का जोखिम हो सकता है जो दीर्घकालिक तौर पर हृदय स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसके अलावा गर्मियों में ज्यादा अंडे खाने से पाचन विकारों जैसे अपच, दस्त, उल्टी जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के बढ़ने का भी खतरा हो सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।