कोरोनावायरस के कारण भारत ही नहीं दुनिया के कई देशों में संक्रमण का खतरा बढ़ता हुआ देखा जा रहा है। नए JN.1 सब-वैरिएंट के कारण किसी आबादी में तेजी से वायरस के प्रसार होने का जोखिम हो सकता है। इसके अलावा ये नया वैरिएंट आसानी से शरीर में बनी प्रतिरोधक क्षमता को चकमा देकर लोगों में संक्रमण के जोखिमों को बढ़ाने वाला हो सकता है, ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को कोरोना से बचाव को लेकर एक बार फिर से गंभीरता बरतने की सलाह दे रहे हैं।
Covid-19: बढ़ते संक्रमण का ऐसे लोगों में जोखिम अधिक, बचाव के लिए शुरू कर दें इम्युनिटी बढ़ाने वाले ये तीन उपाय
इम्युनिटी को बनाएं मजबूत
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इम्युनिटी को मजबूत बनाना एक सतत प्रक्रिया है, यानी ये काम किसी दवा से या रातों-रात नहीं हो सकता है। इसके लिए आपको निरंतर प्रयास करते रहने की आवश्यकता होती है। आहार और दिनचर्या दोनों को ठीक रखना, मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता को विकसित करने के लिए जरूरी है। इसके अलावा कोरोना महामारी के दौरान अपनाए गए उपायों का पालन करना एक बार फिर से शुरू करना होगा।
आइए जानते हैं कि इम्युनिटी को मजबूत बनाने के लिए कौन से तरीके अपनाए जाने चाहिए?
काढ़ा का सेवन
जड़ी-बूटियों और प्रभावी घरेलू मसालों से तैयार काढ़े का कोरोना के शुरुआती दौर में सभी लोगों ने सेवन किया। ये शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और कई बीमारियों से बचाने में लाभकारी हो सकती है, सर्दियों के इस मौसम में काढ़े का सेवन आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है।
अदरक, 1-2 टुकड़े गुड़, काली मिर्च, अजवाइन के बीज, 3-4 छोटी दालचीनी, 5-6 फूल लौंग, 1-2 इलायची को पानी में उबालें और आधा बचने पर छान कर पीने से लाभ मिल सकता है। इन औषधियों में मौजूद गुणों को इम्युनिटी बढ़ाने के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है।
विटामिन सी-डी वाली चीजों का करें सेवन
शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए पौष्टिक आहार का सेवन बहुत जरूरी है। आहार में विटामिन सी-डी वाली चीजों को शामिल करना लाभकारी हो सकता है। खट्टे फलों- नींबू, संतरा, कीवी में विटामिन सी भरपूर मात्रा में होती है। इसके अलावा पालक, गोभी, सोयाबीन, सेम, मछलियां, अंडों से विटामिन-डी प्राप्त किया जा सकता है। सूर्य की रोशनी विटामिन-डी का सबसे अच्छा स्रोत है। ये दोनों विटामिन इम्युनिटी को मजबूत बनाने में काफी जरूरी हैं।
गुनगुना पानी का सेवन
इम्युनिटी को बढ़ाने के साथ शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सुबह खाली पेट भरपूर मात्रा में गुनगुने पानी का सेवन करने से भी लाभ मिलता है। गर्म पानी भूख बढ़ाता है, अपच-पेट फूलने जैसी समस्याओं को कम करता है, शरीर से विषाक्तता को कम करता है और कुछ प्रकार की बीमारियों जैसे गले में संक्रमण-दर्द, खांसी, नाक बहने में आराम दिलाता है। सर्दियों में गर्म पानी शरीर को स्वस्थ रखने के लिए लाभकारी है।
इन उपायों का पालन करके कोरोना के खतरे को तो कम कर ही सकते हैं, साथ ही शरीर को स्वस्थ और फिट भी रख सकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।