कोरोना वैक्सीन पर अलग-अलग वैज्ञानिकों द्वारा किए गए दावों के मुताबिक अब जल्द ही इसका इंतजार खत्म होने वाला है। अगले साल की शुरुआत में कोई न कोई वैक्सीन तो बाजार में आ ही जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने भी दावा किया है कि भारत में कुछ ही महीनों में कोरोना वैक्सीन बनकर तैयार हो जाएगी। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया यहां ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन के उत्पादन का काम कर रही है। उसने कोरोना के टीके की कीमत भी बता दी है। सीरम इंस्टीट्यूट के मुताबिक, कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन की एक डोज की कीमत 500 से 600 रुपये होगी। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि कोरोना से असरदार बचाव के लिए दो से तीन हफ्ते के अंतराल में दो टीके लगवाने पड़ सकते हैं।
Coronavirus Vaccine: कोरोना से बचने के लिए कितने टीकों की होगी जरूरत? जानिए कीमत सहित वैक्सीन पर ताजा अपडेट्स
डॉक्टर हर्षवर्धन ने उम्मीद जताई है कि साल 2021 के शुरुआती 2-3 महीनों में कोरोना वैक्सीन मिलनी शुरू हो जाएगी। उनका यह भी कहना है कि अगस्त-सितंबर तक हम 30 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने की स्थिति में होंगे। कहा यह भी जा रहा है कि भारत बायोटेक द्वारा विकसित कोवैक्सीन भी अगले साल की शुरुआत में बाजार में आ जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में इस समय पांच अलग-अलग कोरोना वैक्सीन के ट्रायल चल रहे हैं, जिसमें से दो तीसरे और एडवांस स्टेज में हैं। सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला का मानना है कि आने वाले एक साल में हर तीन से चार महीने के बीच एक नई वैक्सीन बाजार में आएगी, लेकिन ये जनता और सरकार पर निर्भर करेगा कि वो कौन सी वैक्सीन लगवाना चाहते हैं।
क्या एक साथ सभी लोगों को मिल जाएगी वैक्सीन?
यह तो पहले भी बताया गया है कि जब वैक्सीन तैयार हो जाएगी, तो पहले चरण में हेल्थ केयर वर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना की वैक्सीन दी जाएगी। उसके बाद बुजुर्गों और वैसे लोगों को टीका लगाया जाएगा, जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत होगी। हाल ही में डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा था कि 135 करोड़ भारतवासियों के लिए एक साथ टीका मुहैया कराना संभव नहीं है, इसलिए सरकार ने प्राथमिकता तय की है।
कौन सी वैक्सीन है सबसे सफल?
हाल ही में अमेरिकी कंपनी मॉडर्ना ने वैक्सीन के ट्रायल के शुरुआती नतीजों के बाद यह दावा किया था कि कोरोना महामारी के खिलाफ सुरक्षा देने वाली उनकी वैक्सीन 95 फीसदी तक कामयाब है। अब कंपनी के मुख्य कार्यकारी स्टीफन बेंसेल ने इस वैक्सीन की कीमत की भी जानकारी दे दी है। उनके मुताबिक, मॉडर्ना वैक्सीन के एक डोज की कीमत 25 डॉलर से 37 डॉलर यानी करीब 1800 रुपये से 2700 रुपये के बीच होगी।