दिवाली का उत्सव मिठाइयों और लजीज खान-पान के बिना अधूरा है। हालांकि मीठे, तले हुए और मसालेदार खाद्य पदार्थ पाचन तंत्र में गड़बड़ी और कई प्रकार की अन्य दिक्कतों को बढ़ाने वाले माने जाते हैं। दिवाली के दौरान खाने में बदलाव और अधिक तले-भुने या मीठे खाद्य पदार्थों के सेवन से पेट में गैस, अपच, एसिडिटी जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। अगर आप भी इस तरह की दिक्कतों से परेशान हैं तो घबराएं नहीं, कुछ आसान से उपायों की मदद से इसमें आराम पाया जा सकता है।
Post Diwali: खान-पान में गड़बड़ी के कारण बिगड़ गया है पाचन? इन आसान उपायों से पा सकते हैं आराम
दिवाली का उत्सव में मीठे, तले हुए और मसालेदार खाद्य पदार्थ पाचन तंत्र में गड़बड़ी और कई प्रकार की अन्य दिक्कतों को बढ़ाने वाले माने जाते हैं। आइए जानते हैं कि इससे कैसे आराम पाया जा सकता है?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खानपान में गड़बड़ी का पाचन पर असर
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, दिवाली के जश्न के बीच अपनी सेहत को प्राथमिकता देना बहुत जरूरी है। अगर आप दिवाली के बाद पाचन समस्याओं को लेकर परेशान हैं तो इसके लिए डॉक्टर ने कुछ उपाय बताए हैं जिससे आपको लाभ मिल सकता है। खाने-पीने की आदतों को ध्यान में रखकर, संतुलित आहार का सेवन, शरीर को हाइड्रेटेड रखना और स्वस्थ जीवनशैली के विकल्पों को अपनाना अच्छी सेहत के लिए बहुत जरूरी है।
आइए जानते हैं कि पेट से संबंधित समस्याओं में किन उपायों से आराम पाया जा सकता है?
हल्का और सुपाच्य भोजन करें
दिवाली के बाद एक-दो दिन हल्का और सुपाच्य भोजन करें। दलिया, मूंग दाल खिचड़ी, उबली हुई सब्जियां या सूप जैसी चीजें पचाने में आसान होती हैं और पेट को आराम देती हैं। आहार में दही और छाछ को जरूर शामिल करें। इसमें प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो गुड बैक्टीरिया का संतुलन बनाए रखते हैं और पाचन को बेहतर करते हैं। एक कटोरी दही खाने से अपच में आराम मिल सकता है।
शरीर को हाइड्रेट रखना और गर्म पानी पीना लाभकारी
पाचन की दिक्कतों के लिए डिहाइड्रेशन को एक बड़ा कारण माना जाता रहा है। इसलिए जरूरी है कि आप दिनभर में कम से कम 3-4 लीटर पानी जरूर पिएं। गर्म या गुनगुना पानी पीना आपके लिए और भी लाभकारी हो सकता है। दिन में कई बार थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी पिएं। यह पाचन में सुधार करता है और विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है।
एक गिलास गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़कर पिएं। पेट को साफ करने और पाचन क्रिया को बढ़ावा देने में ये बहुत फायदेमंद माना जाता है।
ये घरेलू उपाय भी हैं फायदेमंद
पाचन की दिक्कतों में आराम पाने के लिए अजवायन का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है। इसके सेवन से अपच और गैस की समस्याओं में आराम मिलता है। इसी तरह से अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो पेट की सूजन और अपच को कम करने में सहायक होते हैं। खाने के बाद सौंफ और मिश्री चबाना पाचन के लिए फायदेमंद होता है।
इन उपायों के साथ खाने के बाद कुछ देर वॉक जरूर करना चाहिए। शारीरिक रूप से सक्रिय रहने से पाचन की दिक्कतें दूर होती है और स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है।
-------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।