क्या आप भी कोई स्वास्थ्य समस्या होने पर चैटजीपीटी या फिर यूट्यूब से खुद ही इसे ठीक करने के उपाय ढूंढते हैं? इंटरनेट से देखकर खुद से ही दवाएं शुरू कर देते हैं? अगर हां तो सावधान हो जाइए, आपकी ये छोटी से आदत कहीं बड़ी मुसीबतों का कारण न बन जाए?
हेल्थ अलर्ट: सोशल मीडिया पर हेल्थ टिप्स देखकर खुद से शुरू कर देते हैं इलाज? कहीं उल्टा न पड़ जाए असर
Self Medication Risks: सोशल मीडिया पर मिलने वाले हेल्थ टिप्स हमेशा वैज्ञानिक रूप से सही नहीं होते। बिना डॉक्टर की सलाह दवा लेना, पुरानी दवा बंद करना या एंटीबायोटिक का गलत इस्तेमाल नुकसान पहुंचा सकता है। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की विश्वसनीय स्रोतों से पुष्टि करें।
सोशल मीडिया के टिप्स पर आंख बंद करके न करें भरोसा
किसी वीडियो का वायरल होना उसकी जानकारी सही होने का प्रमाण नहीं है। सोशल मीडिया पर कई बार बिना वैज्ञानिक प्रमाण के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं। चूंकि सोशल मीडिया पर कोई उपाय बताते समय इंफ्लूएंसर्स बड़े ग्रुप को टारगेट करते हैं जो सभी के लिए एक जैसा काम करे ये जरूरी नहीं है।
- इसलिए किसी भी दावे पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए।
- कई बार बाहर से हल्की दिखने वाली समस्या के पीछे अंदर गंभीर बीमारी पल रही होती है, इसलिए हर टिप्स सभी के लिए फायदेमंद होगी ये जरूरी नहीं है।
खुद से न शुरू करें इलाज
अगर आप सोशल मीडिया और इंटरनेट से देखकर बीमारियों का खुद से इलाज शुरू कर देते हैं तो कई बार इसका असर उल्टा पड़ सकता है।
- गलत दवा लेने से साइड इफेक्ट और दूसरी दवाओं के साथ प्रतिक्रिया हो सकती है।
- घरेलू नुस्खों के भरोसे रहने से गंभीर बीमारी का पता देर से चल सकता है, आपकी असल बीमारी की पहचान में देरी हो सकती है।
- डायबिटीज और ब्लड प्रेशर की दवाएं बिना डॉक्टर की सलाह बंद करना नुकसानदायक हो सकता है।
- हर बार आपको एंटीबायोटिक की जरूरत नहीं होती है। बिना कारण के इन दवाओं के सेवन से बैक्टीरिया में दवाओं के प्रति प्रतिरोध बढ़ सकता है।
हेल्थ टिप्स की सच्चाई कैसे जांचें?
सोशल मीडिया पर बताए जा रहे उपाय की प्रमाणिकता जांचना बहुत आवश्यक है।
- जानकारी देने वाले व्यक्ति की योग्यता जांचें।
- स्वास्थ्य मंत्रालय और मान्य मेडिकल संस्थानों की जानकारी देखें।
- चमत्कारी इलाज और तुरंत ठीक होने के दावों से सावधान रहें।
- किसी उत्पाद के प्रचार या लोगों के अनुभव को इलाज का वैज्ञानिक प्रमाण न मानें।
अगर समस्या लगातार बनी रहे, बार-बार लौटे या दवा लेने के बाद बढ़ जाए, तो डॉक्टर से संपर्क करें। सांस लेने में गंभीर परेशानी, सीने में तेज दर्द, बेहोशी या अचानक शरीर के एक हिस्से में कमजोरी होने पर तुरंत आपातकालीन सहायता लें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।