Chikungunya Symptoms: मानसून के दिनों में कई तरह के मच्छर जनित बीमारियों का जोखिम काफी बढ़ जाता है। तेज बारिश, जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियां मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल होती हैं। इस कारण मानसून और बाद के कुछ महीनों में डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे वायरल रोगों का आंकड़ा बढ़ जाता है। डॉक्टर बताते हैं कि चिकनगुनिया शरीर के लिए काफी हानिकारक हो सकता है। हर साल चिकनगुनिया के हजारों मामले सामने आते हैं। ऐसे में चिकनगुनिया के कारण और लक्षण जानकर इस रोग से बचाव के उपाय अपना सकते हैं।
Chikungunya : कैसे होता है चिकनगुनिया? जानिए लक्षण और बचाव के उपाय
चिकनगुनिया बुखार डेंगू की ही तरह मच्छरों के कारण होने वाली गंभीर समस्या है। संक्रमित मादा एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से इंसानों में चिकनगुनिया का खतरा होता है।
चिकनगुनिया के लक्षण
चिकनगुनिया में रोगी को अचानक तेज बुखार (104 डिग्री फारेनहाइट से तक) के साथ अंगों पर वायरल चकत्ते, जोड़ों में तेज दर्द, सिर दर्द, भूख न लगना जैसे लक्षण दिखते हैं। चिकनगुनिया का इनक्यूबेशन पीरियड 2-6 दिन होता है। कुछ लोगों को चिकनगुनिया के ठीक होने के कई महीनों बाद तक भी जोड़ों के दर्द की समस्या बनी रह सकती है। चिकनगुनिया के दीर्घकालिक मामलों में क्रोनिक आर्थराइटिस और तंत्रिका संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
चिकनगुनिया का इलाज
चिकनगुनिया के लिए कोई विशिष्ट एंटीवायरल दवा नहीं है, न ही कोई वैक्सीन है। इसलिए उपचार में लक्षणों को कम करने और जटिलताओं से राहत दिलाने के लिए प्रयास किया जा सकता है। रोगी को अधिक से अधिक तरल पदार्थ पीना चाहिए और आराम की सलाह दी जाती है।
चिकनगुनिया से बचाव
चिकनगुनिया मच्छरों से फैलता है। एडीज मच्छर दिन में सक्रिय होते हैं इसलिए मच्छरों से बचाव करते इस बीमारी के जोखिम को कम किया जा सकता है। बचाव के लिए कुछ बातों का ध्यान रखें।
- पूरी बाजू की शर्ट और पैंट पहनें जिससे मच्छरों से बचाव किया जा सके।
- जिन स्थानों पर वायरल बुखार का संक्रमण है, वहां जाने से बचें।
- मच्छरों से बचाव के लिए स्प्रे व दवाओं का इस्तेमाल करें।
- रात में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करके भी सुरक्षित रहने का प्रयास किया जा सकता है।
- यदि 3-4 दिन तेज बुखार आए तो डॉक्टर की सलाह से खून का जांच जरूर करा लें, ताकि सही समय पर उचित निदान किया जा सके।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।